ख़बरें जन सरोकार की…!

बच्चों को लेकर मार्केट गया था पति, पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम, बिलख रहे बच्चे

रुद्रपुर के तपस्या विहार कॉलोनी में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत की पड़ताल तेज कर दी गई है.

रुद्रपुर: तपस्या विहार कॉलोनी में संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहित महिला (36 वर्षीय) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि महिला का शव फंदे से लटका मिला. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा.

जानकारी के अनुसार, महिला मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली थीं और वर्तमान में अपने परिवार के साथ तपस्या विहार कॉलोनी में निवास कर रही थी. उनके परिवार में पति, 14 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटा हैं. बताया गया कि बीते शाम करीब साढ़े चार बजे महिला का पति अपने दोनों बच्चों को लेकर बाजार गया था, जब वह बच्चों के साथ वापस घर लौटा तो उसने देखा कि घर के सभी कमरों के दरवाजे खुले हुए थे. पत्नी को आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिला.

इसके बाद जब वह कमरे के अंदर पहुंचे तो देखा कि पत्नी का शव फंदे से लटका मिला. यह दृश्य देखकर पति के होश उड़ गए. उसने तुरंत आसपास के लोगों को आवाज लगाई, जिसके बाद पड़ोसी मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से महिला को नीचे उतारकर तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी जिला अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा. प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
-उत्तम सिंह नेगी, एसपी सिटी-

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. हर कोई इस घटना से स्तब्ध नजर आया. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है व सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.वहीं घटना के बाद परिवार पूरी तरह से सदमे में है.