हरिद्वार के रावली महदूद गांव में नाले के तेज बहाव में बह गई छह साल की मासूम, दूसरी को लोगों ने बचाया, सर्च अभियान जारी
हरिद्वार: सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद गांव में बारिश के दौरान नाले में आए तेज बहाव की चपेट में आने से दो बच्चियां बह गईं. स्थानीय लोगों ने एक 7 साल की बच्ची को सकुशल बाहर निकाल लिया. जबकि, 6 साल की बच्ची पानी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्ची की तलाश शुरू कर दी. देर रात तक नाले और आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी रहा.
पुलिस के मुताबिक, 6 वर्षीय विधिका पुत्री गौतम कुमार मूल रूप से ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली, बिजनौर की रहने वाली है. वर्तमान में उसका परिवार सिडकुल के रावली महदूद क्षेत्र में कृपाल स्कूल के पास रह रहा है. विधिका के पिता सिडकुल क्षेत्र में मजदूरी करते हैं. सोमवार शाम को क्षेत्र में बारिश हो रही थी. इसी दौरान विधिका अपनी 7 वर्षीय सहेली हिमानी के साथ खेल रही थी.
बताया जा रहा है कि खेलते समय दोनों बच्चियां अचानक नाले में जा गिरी और तेज बहाव में बहने लगी. आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर दोनों को बचाने का प्रयास किया. लोगों ने हिमानी को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन विधिका पानी के तेज बहाव में बह गई. बच्ची के बहने की सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर जुट गए.
नाले में उतरकर बच्ची की तलाश: घटना की जानकारी थाना सिडकुल पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश शुरू की. इसके बाद एसडीआरएफ को भी मौके पर बुलाया गया. एसडीआरएफ की टीम ने नाले में उतरकर बच्ची की तलाश की. रात को ही टीम ने नाले के अंदर और आसपास के संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाया.
नाले की सफाई के लिए उतारी गई जेसीबी मशीन: वहीं, जेसीबी मशीन से नाले की सफाई की गई. बारिश के कारण तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान में भी दिक्कतें आईं. इसके बावजूद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम देर रात तक बच्ची की तलाश में जुटी रही. वहीं, हादसे के बाद से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है.
“नाले के पानी में बच्ची के बहने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम लेकर मौके पर पहुंचे. लापता बच्ची की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया. पुलिस और एसडीआरएफ की टीम की ओर से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. बच्ची को तलाशने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं.“- अजय शाह, सिडकुल थाना अध्यक्ष












