उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 के ग्रैंड फिनाले में लाइव परफॉर्मेंस देने आ रहे हैं हरियाणवी गायक मासूम शर्मा, पीछा नहीं छोड़ रहा गाली प्रकरण
देहरादून: उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 अब अपने आखिरी और सबसे रोमांचक मुकाबले तक पहुंच गया है. आज गुरुवार 1 अक्टूबर को देहरादून वॉरियर्स और हरिद्वार एल्मास के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा. राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस फाइनल में क्रिकेट के साथ संगीत और मनोरंजन का भी तड़का देखने को मिलेगा.
UPL 2026 Final आज: लीग चरण के मुकाबलों के बाद अब खिताब के लिए देहरादून वॉरियर्स और हरिद्वार एल्मास आमने-सामने होंगी. दोनों टीमों के बीच यूपीएल फाइनल मुकाबला आज 1 अक्टूबर को देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. दोनों टीमों ने लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए 8-8 अंक हासिल किए हैं. बेहतर नेट रन रेट के चलते देहरादून वॉरियर्स अंक तालिका में पहले स्थान पर रही, जबकि हरिद्वार एल्मास ने दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई.
देहरादून वॉरियर्स और हरिद्वार एल्मास के बीच होगा यूपीएल फाइनल: लीग चरण के आखिरी दौर में दोनों टीमों के लिए मुकाबले काफी अहम रहे. बुधवार को अपने-अपने मैच जीतकर देहरादून वॉरियर्स और हरिद्वार एल्मास ने फाइनल का टिकट पक्का किया. अब दोनों टीमों की नजरें ट्रॉफी पर हैं. एक तरफ देहरादून वॉरियर्स अपने बेहतर लीग प्रदर्शन को खिताबी जीत में बदलना चाहेगी, तो दूसरी तरफ हरिद्वार एल्मास फाइनल में दमदार प्रदर्शन कर ट्रॉफी अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेगी.
फाइनल के साथ मासूम शर्मा के शो का इंतजार: फाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में भी खासा उत्साह है. राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट के साथ मनोरंजन का भी मौका मिलेगा. फाइनल के दौरान मशहूर गायक मासूम शर्मा और लोकप्रिय परफॉर्मर प्रांजल दहिया अपनी प्रस्तुतियां देंगे. दोनों कलाकारों की मौजूदगी से फाइनल मुकाबले का माहौल और भी खास होने की उम्मीद है.
फाइनल में दर्शकों की एंट्री फ्री रहेगी: खास बात यह है कि फाइनल मुकाबले में दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है. ऐसे में देहरादून और आसपास के इलाकों के क्रिकेट प्रेमी बिना टिकट के स्टेडियम पहुंचकर फाइनल मुकाबले का आनंद ले सकेंगे. क्रिकेट के साथ संगीत और मनोरंजन का कार्यक्रम होने की वजह से बड़ी संख्या में दर्शकों के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है.
गालीबाज के नाम से चर्चित हो चुके हैं गायक मासूम शर्मा: क्रिकेट प्रेमियों को जितना इंतजार यूपीएल फाइनल का है, उतनी ही बेसब्री हरियाणवी गायक मासूम शर्मा को लेकर भी है. मासूम शर्मा वही गायक हैं जो पिछले साल देहरादून के डीएवी कॉलेज के कार्यक्रम में गाली-गलौज कर लोगों के निशाने पर आए थे. लाइव परफॉर्मेंस देने आ रहे गायक मासूम शर्मा ने कहा है कि वे देहरादून आकर सारे गिले-शिकवे दूर करेंगे.
शो से पहले मासूम शर्मा का आया रिएक्शन: हरियाणवी सिंगर ने मासूमित से कहा कि उत्तराखंड से उनका गहरा जुड़ाव है. यहां के लोगों का प्यार उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है. मासूम के अनुसार, अगर किसी के मन में कोई शिकायत या नाराजगी रही है, तो वे मंच से उसे दूर करने की कोशिश करेंगे. उन्होंने कहा कि वे दर्शकों से दिल खोलकर मिलना चाहते हैं और इस शाम को सबके लिए यादगार बनाना चाहते हैं.
बजरंग दल जता चुका है नाराजगी: दिलचस्प बात ये है कि उत्तराखंड में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के कार्यक्रम को लेकर सवाल उठे हैं. UPL की क्लोजिंग सेरेमनी में मासूम शर्मा की प्रस्तावित प्रस्तुति पर बजरंग दल पहले ही नाराजगी जता चुका है. बजरंग दल ने प्रशासन से इस मामले का संज्ञान लेने की बात कही है. बजरंग दल के प्रांतीय मिलन प्रमुख भगवा विकास वर्मा कह चुके हैं कि बड़े कलाकारों को युवा बड़ी संख्या में फॉलो करते हैं. ऐसे में मंच से होने वाली किसी भी प्रस्तुति में भाषा और मर्यादा का ध्यान रखा जाना जरूरी है. उत्तराखंड की अपनी सांस्कृतिक पहचान है और देवभूमि की संस्कृति को किसी भी तरह की क्षति नहीं पहुंचनी चाहिए.












