उत्तराखंड के नए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन को आज हाईकोर्ट के मुख्य न्यायशील शपथ दिलाई.
देहरादून: उत्तराखंड के मनोनीत राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन रविवार की शाम देहरादून पहुंच गए थे. ऐसे में मनोनीत राज्यपाल के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर लोकभवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया. जहां नैनीताल हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने राज्यपाल को शपथ दिलाई. बीती शाम जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उत्तराखंड पुलिस ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया था, उन्होंने इस दौरान परेड का निरीक्षण भी किया.
लोकभवन आगमन पर मनोनीत राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन का सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के.के. शुक्ल, सचिव प्रोटोकॉल विनोद कुमार सुमन, मंडलायुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, आईजी विम्मी सचदेवा रामन, अपर सचिव रीना जोशी समेत अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया था. ऐसे में मनोनीत राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन 19 अक्टूबर यानि आज 11ः00 बजे लोकभवन प्रांगण में आयोजित समारोह में राज्यपाल पद की शपथ ली. ढाल सिंह बिसेन मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे चुके हैं. इसके साथ ही पूर्व सांसद और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता के रूप में लंबा राजनीतिक अनुभव है.
वहीं, ढाल सिंह बिसेन के व्यक्तिगत जीवन और सियासी करियर की बात करें, तो उनका जन्म मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया गांव में हुआ था. वे पेशे से आयुर्वेद एवं होम्योपैथी के डॉक्टर के साथ एक किसान भी हैं. बिसेन मध्य प्रदेश के बरघाट विधानसभा सीट से चार बार के विधायक रह चुके हैं.वे साल 2003 से 2005 तक मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं. इसके अतिरिक्त उन्होंने साल 2011 से 2013 तक मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दी.
साल 2019 के आम चुनावों में बिसेन बालाघाट लोकसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीते और साल 2024 तक 17वीं लोकसभा के सदस्य यानी सांसद रहे.गौर हो कि लेफ्टिनेंट जनरल (रि.) गुरमीत सिंह उत्तराखंड के इतिहास में सबसे लंबे समय तक राज्यपाल बने रहने का नया रिकॉर्ड बना चुके हैं. उन्होंने करीबन 19 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था. जो इससे पहले सुदर्शन अग्रवाल के नाम था. गुरमीत सिंह ने 5 जुलाई 2026 को राजभवन (अब लोकभवन) में अपने ऑफिस में 1,755 दिन पूरे किए थे. जबकि, 6 जुलाई 2026 को वे ऑफिशियली पिछले रिकॉर्ड को तोड़कर उत्तराखंड के सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले राज्यपाल बने थे. अब उनकी जगह ढाल सिंह बिसेन को नया राज्यपाल बनाया गया है.
Skip to content












