ख़बरें जन सरोकार की…!

Advertisement

कुशीनगर में भीषण सड़क हादसा; एक ही परिवार 5 लोगों सहित 7 की मौत, 1 की हालत गंभीर

सभी लोग रिश्तेदार के यहां आयोजित मांगलिक कार्यक्रम से वापस अपने गांव लौट रहे थे.

कुशीनगर: जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई. इनमें से 5 सदस्य एक ही परिवार के थे. हादसे में दो लोग गंभीर घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. यह हादसा कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर से हुआ है.

कोतवाली हाटा के थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सभी लोग रात में एक समारोह से शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में ट्रक से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई. हादसे में मौके पर ही 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हैं.

इनमें से भी एक की इलाज के दौरान मौत हो गई. कुल मृतकों की संख्या 7 हो गई है. एक घायल को एंबुलेंस की मदद से बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भेजा गया है. वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. इस मामले में मुकदमा दर्ज करके आगे की विधिक कार्रवाई और जांच की जाएगी.

उन्होंने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मृदुल मिश्रा (38), कन्हैया प्रसाद (45), मिथिलेश गुप्ता (21), रंजय गुप्ता (37), राम मिलन प्रसाद (38), रामविलास ( 65) और आयुष प्रसाद (17) के रूप में हुई है।

इनमें कन्हैया प्रसाद, राम मिलन प्रसाद, रामविलास, मिथिलेश और आयुष प्रसाद एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं. एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत की सूचना से भलुही गांव में मातम पसरा हुआ है.

जानकारी के मुताबिक, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव निवासी कन्हैया प्रसाद के रिश्तेदार के यहां हाटा थाना क्षेत्र के देवराज पिपरा गांव में तिलक समारोह आयोजित था. इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार और रिश्तेदार कार से पहुंचे थे.

रविवार देर रात तिलक समारोह से वापस लौटते समय उनकी कार की सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 7 लोगों की मौत हो गई.

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है.

इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से भलुही गांव में मातम पसरा हुआ है. इलाके में शोक की लहर है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. इस हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया है.