ख़बरें जन सरोकार की…!

Advertisement

दादी के साथ खेल रही थीं 11 महीने की जुड़वां बच्चियां, एक अचानक हो गई गायब, जानें फिर क्या हुआ

जुड़वां बच्चियों को खिला रही दादी थोड़ी देर के लिए घर के अंदर गई, तभी नशेड़ी युवक एक बच्ची को उठा ले गया

हरिद्वार: ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक घर के बाहर दादी की आंखों के सामने खेल रही 11 माह की जुड़वां बच्चियों में से एक मासूम अचानक लापता हो गई. अचानक एक बच्ची के गायब होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया. इलाके में लोगों में भी हड़कंप मच गया.

दादी के साथ खेल रही बच्ची हुई लापता: सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और बच्ची की काफी तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया. काफी तलाश के बाद सुभाषनगर में एक नशेड़ी के कब्जे से बच्ची को सकुशल बरामद किया गया. तब जाकर पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली. वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.

बच्ची को उठा ले गया नशेड़ी: जानकारी के अनुसार, मंगलवार को कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र के ईदगाह रोड पर दीक्षा राइजिंग स्कूल के सामने दिन दहाड़े जुड़वा बहनों में से एक बच्ची अचानक गायब हो गई. बच्ची के अपहरण की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि बच्चियों की दादी समान रखने के लिए घर के अंदर गई थीं. तभी मौका पाकर पास में बैठा एक नशेड़ी बच्ची को गोद में उठा कर फरार हो गया.

बच्ची के लापता होने से मचा हड़कंप: बच्ची की दादी जब घर के भीतर से वापस बाहर लौटीं, तो बच्ची को गायब देख उनके होश उड़ गए. जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया. आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश शुरू कर दी. स्थानीय युवाओं की टीम भी बच्ची को खोजने में जुट गई. पुलिस के साथ साथ स्थानीय लोग भी बच्ची की तलाश में जुट गए. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. हर राहगीर और अंजान शख्स से पूछताछ की गई. सोशल मीडिया पर भी यह खबर आग की तरह फैल गई. हर कोई बच्ची को खोजने का प्रयास कर रहा था.

डेयरी संचालक की सजगता से मिल गई बच्ची: वहीं कुछ ही देर बाद बच्ची के सुभाष नगर की गली नंबर ए-10 में मिलने की सूचना से परिवार ने राहत की सांस ली. बताया गया कि एक डेयरी संचालक को संदिग्ध नशेड़ी युवक के पास बच्ची को देखकर शक हुआ और उसने युवक को पकड़ लिया था. सख़्ती से पूछताछ की गई तो, पता चला वो बच्ची को उठाकर लाया है. इसके बाद आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. पुलिस ने बच्ची को सकुशल परिजनों को सौंप दिया. वहीं इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी बच्ची को गोद में उठाकर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है.

पुलिस ने क्या कहा: ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि-

आरोपी नशे का आदी है. वह बच्ची के पास बैठा था. बच्ची की दादी के घर के अंदर जाते ही आरोपी बच्ची को गोद में उठा कर चला गया. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. बच्ची को सकुशल ढूंढकर परिजनों को सौंप दिया गया है.
-चंद्रभान सिंह अधिकारी, प्रभारी इंस्पेक्टर, ज्वालापुर कोतवाली-

प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजनों की तरफ से शिकायती पत्र मिला है. शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.