ख़बरें जन सरोकार की…!

Advertisement

उत्तराखंड की यह औषधि कैंसर के उपचार में कारगर; लखनऊ विश्वविद्यालय के शोध से जगी उम्मीद

औषधीय वनस्पति पिरुली पर शोध, दावा- बड़ी आंत के कैंसर के इलाज में मिलेगी मदद

लखनऊ: उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में घाव भरने के लिए पारंपरिक रूप से इस्तेमाल होने वाली औषधीय वनस्पति पिरुली से बड़ी आंत के कैंसर के उपचार की उम्मीद जगी है. लखनऊ विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने इस पौधे में मौजूद दो ऐसे प्राकृतिक रासायनिक यौगिकों की पहचान की है, जिन्होंने प्रयोगशाला में कोलन कैंसर की कोशिकाओं पर प्रभावी असर दिखाया है. खास बात यह है कि परीक्षण के दौरान इन यौगिकों का असर कैंसर की प्रचलित दवा सिसप्लैटिन से भी अधिक पाया गया है. शोधकर्ताओं के मुताबिक, भारत मे पहली बार इस पर व्यापक अध्ययन किया गया है.

लखनऊ विश्वविद्यालय का यह शोध हिमालयी क्षेत्र की पारंपरिक औषधीय वनस्पतियों में छिपी संभावनाओं को आधुनिक विज्ञान के जरिए सामने लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. लखनऊ विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नेहा साहू के नेतृत्व में यह संयुक्त शोध किया गया. इसमें सीएसआईआर-केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान (सीडीआरआई), लखनऊ, सेवीथा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, चेन्नई और एसजीटी यूनिवर्सिटी, गुरुग्राम के वैज्ञानिक शामिल रहे. शोध हाल ही में अमेरिकन केमिकल सोसाइटी (एसीएस) की प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका एसीएस ओमेगा में प्रकाशित हुआ है.

पारंपरिक रूप से इस्तेमाल होती है पिरुली

उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में पाई जाने वाली इस औषधीय वनस्पति का वैज्ञानिक नाम सार्कोकोक्का सालिग्ना है. स्थानीय स्तर पर इसे पिरुली और अंग्रेजी में स्वीट बॉक्स कहा जाता है। पहाड़ी इलाकों में रहने वाले समुदायों और आदिवासी समाज के लोग पारंपरिक चिकित्सा पद्धति में इसका इस्तेमाल घाव भरने के लिए करते रहे हैं। पीढ़ियों से स्थानीय उपचार में उपयोग की जा रही इस वनस्पति के औषधीय गुणों को अब वैज्ञानिक कसौटी पर परखा जा रहा है। शोधकर्ताओं ने इसी पौधे के अर्क का विश्लेषण कर ऐसे रासायनिक तत्वों की पहचान की है, जिनमें कैंसररोधी गतिविधि मिली है।

पौधे से अलग किए दो महत्वपूर्ण प्राकृतिक यौगिक

शोध को लेकर डॉ. नेहा साहू ने बताया कि पौधे के अर्क से बायोएक्टिविटी-गाइडेड फ्रैक्शनशन तकनीक का इस्तेमाल करते हुए दो स्टेरॉयडल एल्कलॉइड्स सार्कोरिन सी और सालोनिन सी को अलग किया. इस तकनीक में पौधे के अर्क को विभिन्न हिस्सों में बांटकर उनकी जैविक सक्रियता का परीक्षण किया जाता है, ताकि सबसे प्रभावी तत्वों की पहचान की जा सके. इसके बाद दोनों यौगिकों का एचटी-29 नामक कोलन कैंसर कोशिकाओं पर परीक्षण किया गया. परिणामों में इन यौगिकों ने कैंसर कोशिकाओं को नष्ट करने की प्रभावी और चयनात्मक क्षमता देखने को मिली. दूसरे सामान्य कोशिकाओं पर तुलनात्मक रूप से इसका कम प्रतिकूल प्रभाव देखने को मिला है. उन्होंने बताया कि दोनों यौगिकों का प्रभाव परीक्षण में एफडीए से स्वीकृत कैंसररोधी दवा सिसप्लैटिन से भी अधिक पाया गया. यह परिणाम भविष्य में प्राकृतिक स्रोतों से नई कैंसररोधी दवाएं विकसित करने की संभावनाओं को मजबूत करेगा.

कंप्यूटर आधारित विश्लेषण से भी मिली पुष्टि

डॉ. नेहा साहू ने बताया कि शोध के दौरान प्रयोगशाला परीक्षणों के साथ कंप्यूटर आधारित अध्ययन यानी इन सिलिको एनालिसिस भी किया गया. इसमें पाया गया कि सार्कोरिन सी और सालोनिन सी कैंसर से जुड़ी गतिविधियों में भूमिका निभाने वाले प्रोटीन को लक्षित करने की क्षमता रखते हैं. ये प्रोटीन कैंसर कोशिकाओं की वृद्धि और उनके व्यवहार को प्रभावित करते हैं. इस विश्लेषण से दोनों प्राकृतिक यौगिकों की संभावित कैंसररोधी कार्यप्रणाली को समझने में मदद मिली.

भारत में इस पौधे पर पहला वैज्ञानिक अध्ययन

बताया कि सार्कोकोक्का सालिग्ना पर इससे पहले मुख्य रूप से पाकिस्तान और चीन में अध्ययन किए गए थे. भारत में इस पौधे की कैंसररोधी क्षमता को लेकर व्यापक वैज्ञानिक अनुसंधान नहीं हुआ था. विश्वविद्यालय की शोध टीम का यह अध्ययन भारत में इस दिशा में यह पहला शोध है. बताया कि इस शोध में सीएसआईआर-सीडीआरआई, लखनऊ के सेवानिवृत्त वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं वनस्पति विज्ञानी डॉ. के.आर. आर्या की विशेष भूमिका रही. इस अध्ययन में डॉ. अमित दुबे और डॉ. नितेश सिंह का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा.

कोलन कैंसर के उपचार में नई दवा की उम्मीद

भारत में कोलन कैंसर प्रमुख कैंसरों में शामिल है. इसके उपचार में इस्तेमाल होने वाली मौजूदा पद्धतियों के साथ कई बार गंभीर दुष्प्रभाव और दवाओं के प्रति प्रतिरोध जैसी चुनौतियां सामने आती हैं. ऐसे में पौधों से प्राप्त ऐसे प्राकृतिक यौगिकों की खोज महत्वपूर्ण है, जो कैंसर कोशिकाओं को निशाना बनाने के साथ सामान्य कोशिकाओं को अपेक्षाकृत सुरक्षित रख सकें. डॉ. नेहा साहू का मानना है कि हिमालयी क्षेत्र की औषधीय जैव विविधता में कई ऐसे पौधे मौजूद हो सकते हैं, जिनका वैज्ञानिक अध्ययन भविष्य में नई दवाओं के विकास में मददगार साबित हो सकता है.

दवा बनने के लिए कई चरण होते हैं परीक्षण

किसी भी नई दवा को बाजार में आने से पहले कई चरणों से गुजरना पड़ता है. सबसे पहले वैज्ञानिक पौधे या अन्य स्रोत से औषधीय गुणों वाले तत्वों की खोज करते हैं. इसके बाद प्रयोगशाला में कोशिकाओं पर परीक्षण किया जाता है. फिर पशुओं पर दवा की सुरक्षा और प्रभाव का अध्ययन होता है. सफल होने पर इंसानों पर तीन चरणों में क्लीनिकल ट्रायल किए जाते हैं. इनमें दवा की सुरक्षित खुराक, असर और दुष्प्रभावों की जांच होती है. सभी परीक्षणों के सकारात्मक परिणाम मिलने पर केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन के प्रमुख ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया से मंजूरी ली जाती है.इसके बाद ही दवा बाजार में आ पाती है. बाजार में आने के बाद भी उसकी निगरानी जारी रहती है.