ख़बरें जन सरोकार की…!

Advertisement

विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी का बड़ा हैट्रिक प्लान, 60 पार के लक्ष्य के लिए ट्रंप कार्ड होंगे ये 3 स्तंभ

बीजेपी के आधार- बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती, 51 फीसदी वोट का लक्ष्य, मोदी-धामी सरकार का रिपोर्टकार्ड घर-घर पहुंचाना…रिपोर्ट- धीरज सजवाण.

देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने अभी से अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है. हरिद्वार में हुई प्रदेश कार्यकारिणी के बाद पार्टी ने 60 पार का लक्ष्य दोहराते हुए बूथ स्तर पर 51 फीसदी से अधिक वोट हासिल करने की रणनीति बनाई है. इसके लिए सरकार के पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड घर-घर पहुंचाने से लेकर कांग्रेस को घेरने तक की रणनीति तैयार की गई है.

विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी का प्लान: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछने लगी है. भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ संगठन को चुनावी मोड में लाना शुरू कर दिया है. पार्टी का फोकस अब केवल बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों और जनसभाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और हर वर्ग तक अपनी पहुंच बनाने पर है.

स्पष्ट रणनीति के साथ मैदान में उतरने का संदेश: इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान को लेकर स्पष्ट रणनीति के साथ मैदान में उतरने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर पर होती है और चुनाव में जीत का रास्ता भी यहीं से होकर गुजरता है. पार्टी ने प्रत्येक बूथ पर 51 फीसदी से अधिक वोट हासिल करने का लक्ष्य रखा है. इसके लिए कार्यकर्ताओं को संपर्क, संवाद, सहभाग और सेवा के मंत्र के साथ जनता के बीच सक्रिय रहने को कहा गया है.

बूथ को सबसे मजबूत बनाने के संकल्प के साथ काम: भाजपा प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अभी से योजनाबद्ध तरीके से काम करना होगा. पार्टी का उद्देश्य केवल अपने परंपरागत वोट बैंक को मजबूत करना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के लोगों को संगठन से जोड़ना भी है. इसके लिए बूथ स्तर पर लगातार जनसंपर्क, संवाद और पार्टी के कार्यक्रमों में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ को सबसे मजबूत बनाने के संकल्प के साथ काम करना होगा. पार्टी की कोशिश है कि संगठन की गतिविधियां केवल चुनाव के समय ही दिखाई न दें, बल्कि पूरे साल कार्यकर्ता जनता के बीच मौजूद रहें और उनकी समस्याओं को समझें. इसके लिए बूथ प्रबंधन के साथ पन्ना प्रमुख व्यवस्था को भी प्रभावी बनाने की रणनीति है.

घर-घर पहुंचेगा धामी सरकार का रिपोर्ट कार्ड: भाजपा ने आगामी चुनाव में सरकार के कामकाज और उपलब्धियों को सबसे बड़े राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की तैयारी की है. अरविंद मेनन ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर जनता तक पहुंचाया जाएगा. पार्टी कार्यकर्ता इस रिपोर्ट कार्ड को घर-घर लेकर जाएंगे और लोगों को सरकार के कामकाज की जानकारी देंगे. इसके लिए व्यक्तिगत जनसंपर्क के साथ सोशल मीडिया और प्रचार-प्रसार के आधुनिक माध्यमों का भी इस्तेमाल किया जाएगा.

सरकार की उपलब्धियां बनेंगी चुनावी मुद्दा: भाजपा की रणनीति है कि सरकार की उपलब्धियों को केवल सरकारी दावों तक सीमित न रखते हुए उन्हें चुनावी मुद्दे के तौर पर जनता के बीच रखा जाए. भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की ओर से जारी राजनीतिक एवं आर्थिक प्रस्ताव में भी धामी सरकार के पांच साल के कार्यकाल और राज्य में हुए विकास कार्यों को प्रमुखता से रखा गया है. प्रस्ताव में राज्य की अर्थव्यवस्था, रोजगार, निवेश, सड़क, रेल, पर्यटन, स्वास्थ्य और महिला सशक्तीकरण से जुड़े कई आंकड़ों के जरिए सरकार के कामकाज को सामने रखा गया है.

आंकड़े बनेंगे बीजेपी का चुनाव एजेंडा: पार्टी के अनुसार वर्ष 2022 के बाद से उत्तराखंड के सकल राज्य घरेलू उत्पाद में 50 फीसदी की वृद्धि और प्रति व्यक्ति आय में 41 फीसदी का इजाफा हुआ है. वहीं ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में हुए 3.56 लाख करोड़ रुपये के समझौतों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं के धरातल पर उतरने का दावा किया गया है. भाजपा इन आंकड़ों को विकास के अपने एजेंडे के रूप में जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है.

36 हजार युवाओं को रोजगार, महिला समूहों पर भी फोकस: भाजपा के राजनीतिक प्रस्ताव में युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता दी गई है. पार्टी का कहना है कि प्रदेश में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और नकल विरोधी कानून के चलते 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं. इसके अलावा राज्य में करीब 2,200 स्टार्टअप और आठ हजार से अधिक होमस्टे संचालित होने को रोजगार और स्वरोजगार के बढ़ते अवसरों के रूप में पेश किया गया है. प्रस्ताव में पलायन में 44 फीसदी की कमी आने का भी दावा किया गया है.

इन कार्यों को भी वोटरों के सामने रखा जाएगा : वहीं महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए किए गए प्रयासों का जिक्र करते हुए बताया गया है कि प्रदेश में करीब 43 हजार स्वयं सहायता समूहों को सहयोग दिया जा रहा है. भाजपा का प्रयास रहेगा कि इन योजनाओं और उपलब्धियों को भी चुनावी अभियान के दौरान जनता के सामने रखा जाए. धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को लेकर भी भाजपा ने अपनी रणनीति स्पष्ट की है. पार्टी के प्रस्ताव में केदारनाथ पुनर्निर्माण, बदरीनाथ मास्टर प्लान, मानसखंड मंदिर माला मिशन और आदि कैलाश जैसे धार्मिक स्थलों के विकास को प्रमुखता दी गई है.

धार्मिक पर्यटन, स्थानीय रोजगार बनेंगे चुनावी विमर्श का हिस्सा: इसके साथ ही वर्ष 2026 में छह करोड़ से अधिक पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के उत्तराखंड पहुंचने का आंकड़ा भी प्रस्ताव में शामिल किया गया है. हरिद्वार में वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों के लिए 1,027 करोड़ रुपये के विशेष प्रावधान का भी उल्लेख किया गया है. भाजपा इन मुद्दों के जरिए धार्मिक पर्यटन, स्थानीय रोजगार और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को अपने चुनावी विमर्श का हिस्सा बनाने की तैयारी में है.

कांग्रेस को घेरने के लिए भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाएगी भाजपा: चुनावी तैयारियों के बीच भाजपा ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस को घेरने की रणनीति भी तेज कर दी है. अरविंद मेनन ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाकर कांग्रेस के शासनकाल और उसके राजनीतिक चरित्र को उजागर करें. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए तीखा तंज कसा. मेनन ने कहा कि-

अगर भ्रष्टाचार का कोई ओलंपिक या खेल होता, तो उसमें गोल्ड मेडल सिर्फ कांग्रेस को मिलता. कांग्रेस ने अपने शासनकाल में अंग्रेजी वर्णमाला के ए से लेकर जेड तक कोई ऐसा अक्षर नहीं छोड़ा, जिसके नाम से कोई घोटाला न हुआ हो. भाजपा कार्यकर्ताओं से इस तरह के मुद्दों को जनता के बीच उठाने और कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने को कहा गया है. भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के राजनीतिक प्रस्ताव में भी कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन की राजनीति पर सवाल उठाए गए हैं.
-अरविंद मेनन, भाजपा प्रदेश सह प्रभारी-

विपक्ष की नकारात्मक राजनीति भी बनेगी चुनावी मुद्दा: प्रस्ताव में विपक्ष पर नकारात्मक और विकास विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया गया है. साथ ही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर पार्टी ने कहा है कि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए और इसकी शुद्धता बनाए रखना भी जरूरी है. पार्टी ने लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति भरोसा बनाए रखने की बात कही है.

60 पार के लक्ष्य के साथ तीसरी बार सरकार बनाने का दावा: भाजपा ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए 60 पार का लक्ष्य दोहराया है. प्रदेश कार्यसमिति के प्रस्ताव में स्पष्ट किया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता पूरी मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेंगे. प्रस्ताव में हाल के महीनों में तीन हजार से अधिक लोगों के भाजपा की सदस्यता लेने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के प्रयासों का भी जिक्र किया गया है. पार्टी ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में त्रिदेव सम्मेलन (बूथ अध्यक्ष, बूथ महामंत्री और बीएलए) और बूथ स्तर पर पन्ना प्रमुख व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया है.

बीजेपी की चुनावी रणनीति के होंगे ये तीन स्तंभ: कुल मिलाकर भाजपा ने 2027 के चुनाव को लेकर अपनी रणनीति के तीन प्रमुख आधार तय कर दिए हैं. पहला, बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती और 51 फीसदी वोट हासिल करने का लक्ष्य, दूसरा, मोदी और धामी सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड घर-घर पहुंचाना और तीसरा, कांग्रेस को भ्रष्टाचार और विपक्ष की राजनीति के मुद्दे पर घेरना. अब देखना होगा कि भाजपा की यह रणनीति चुनावी मैदान में कितनी प्रभावी साबित होती है और क्या पार्टी अपने 60 पार के लक्ष्य को हासिल कर उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का इतिहास रच पाती है.