ख़बरें जन सरोकार की…!

Advertisement

बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी की एसआईटी जांच पूरी, शासन को सौंपी 300 पन्नों की रिपोर्ट, जानें चौंकाने वाले खुलासे

रिपोर्ट में चढ़ावे की गिनती से लेकर उसके प्रबंधन, सुरक्षा और बैंक खाते में जमा कराने तक की व्यवस्थाओं में सामने आई खामियों का उल्लेख

देहरादून: उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की गिनती में हेराफेरी और चोरी के मामले की पांच महीने तक जांच के बाद एसआईटी ने शासन को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है. रिपोर्ट में गड़बड़ियों के साथ ही मंदिर की व्यवस्थाओं को पारदर्शी बनाने के लिए कई अहम सुझाव दिए गए हैं.

बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी की एसआईटी जांच पूरी: बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए जाने वाले चढ़ावे की गिनती में हेराफेरी और चोरी का मामला सामने आने के बाद एसआईटी ने अपनी जांच पूरी कर ली है. करीब पांच महीने तक चली जांच के बाद एसआईटी ने 300 पन्नों की विस्तृत रिपोर्ट शासन को सौंप दी है. इस रिपोर्ट में चढ़ावे की गिनती से लेकर उसके प्रबंधन, सुरक्षा और बैंक खाते में जमा कराने तक की व्यवस्थाओं में सामने आई खामियों का उल्लेख किया गया है.

देश के 14 प्रमुख मंदिरों का प्रबंधन मॉडल अपनाने का सुझाव: साथ ही बदरीनाथ धाम की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए देश के 14 प्रमुख मंदिरों के प्रबंधन मॉडल का अध्ययन कर कई सुझाव भी दिए गए हैं. खास बात यह है कि एसआईटी ने केवल चढ़ावे में हुई हेराफेरी की जांच नहीं की, बल्कि बदरीनाथ धाम की मौजूदा व्यवस्था में सुधार के लिए तकनीक और निगरानी से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव भी शासन को भेजे हैं.

जुलाई में सामने आया था चढ़ावे में हेराफेरी का मामला: दरअसल, इसी साल जुलाई में बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की गिनती के दौरान हेराफेरी का मामला सामने आया था. मामला उजागर होने के बाद सरकार ने इसकी जांच के लिए गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप के नेतृत्व में तीन सदस्यीय एसआईटी गठित की थी. एसआईटी ने मामले की जांच के दौरान बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की.

रिपोर्ट के अनुसार लंबे समय से नहीं चल रहा था चढ़ावा चोरी का खेल: मंदिर समिति से जुड़े 20 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए. इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और चढ़ावे की गिनती से जुड़ी पूरी प्रक्रिया की पड़ताल की गई. जांच टीम ने यह जानने का प्रयास किया कि चढ़ावे की गिनती के दौरान किसकी क्या जिम्मेदारी थी. निगरानी की व्यवस्था कैसी थी और किन परिस्थितियों में हेराफेरी की घटना को अंजाम दिया गया. एसआईटी की रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि चढ़ावे में हेराफेरी का खेल लंबे समय तक नहीं चला, बल्कि कुछ ही समय के अंतराल में इसे अंजाम दिया गया.

इन बड़े मंदिरों की व्यवस्थाओं का किया अध्ययन: एसआईटी ने बदरीनाथ धाम की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए देश के 14 प्रमुख मंदिरों के प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का अध्ययन किया. इनमें काशी विश्वनाथ मंदिर वाराणसी, वैष्णो देवी मंदिर जम्मू-कश्मीर, अमरनाथ गुफा मंदिर जम्मू-कश्मीर, स्वर्ण मंदिर अमृतसर, अक्षरधाम मंदिर दिल्ली, महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन, जगन्नाथपुरी मंदिर ओडिशा, रंगनाथस्वामी मंदिर तमिलनाडु और तिरुपति बालाजी मंदिर आंध्र प्रदेश समेत अन्य प्रमुख मंदिर शामिल हैं.

इन मंदिरों में चढ़ावे की गिनती, दान सामग्री के प्रबंधन, श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा और धनराशि को बैंक खातों में जमा कराने की व्यवस्थाओं को समझा गया. एसआईटी ने इन व्यवस्थाओं के आधार पर बदरीनाथ धाम के लिए भी कई सुझाव तैयार किए हैं. रिपोर्ट में मंदिर के भीतर चढ़ावे की गिनती से लेकर उसकी सुरक्षा और निगरानी तक की व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया है.

कांच की दीवारों में होगी गिनती, 360 डिग्री कैमरों से निगरानी का सुझाव: रिपोर्ट में चढ़ावे की गिनती की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं. इसमें गिनती के लिए कांच की दीवारों वाला कक्ष बनाने की बात कही गई है, ताकि पूरी प्रक्रिया बाहर से भी देखी जा सके. इसके साथ ही गिनती कक्ष में 360 डिग्री कैमरे लगाने का सुझाव दिया गया है, जिससे वहां होने वाली प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा सके. गिनती में शामिल कर्मचारियों और स्वयंसेवकों की पहचान, उनकी ड्यूटी और आने-जाने के समय की भी निगरानी करने की बात कही गई है.

बिना जेब वाले कपड़ों की सिफारिश: रिपोर्ट में बिना जेब वाले कपड़े और सख्त तलाशी जैसी व्यवस्थाओं का सुझाव भी शामिल है, ताकि गिनती के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे. इसके अलावा नोटों की गिनती, छंटाई और नकली नोटों की पहचान के लिए आधुनिक मशीनों के इस्तेमाल की सिफारिश की गई है. गिनती के बाद पूरी धनराशि को मंदिर के खाते में जमा कराने की व्यवस्था को भी पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया है. सोने-चांदी के आभूषणों के प्रबंधन और उनकी सुरक्षा के लिए सरकारी ज्वेलर्स की व्यवस्था करने तथा विदेशी करेंसी बदलने के लिए अलग व्यवस्था विकसित करने का सुझाव भी दिया गया है.

बीकेटीसी की आंतरिक व्यवस्थाओं पर भी उठे सवाल: एसआईटी ने अपनी जांच में बीकेटीसी की आंतरिक व्यवस्थाओं को भी परखा है. इसमें कर्मचारियों की उपस्थिति, ड्यूटी, मंदिर परिसर में आने-जाने के समय और निगरानी व्यवस्था की जांच की गई. रिपोर्ट में ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग, बायोमेट्रिक टोकन, आरएफआईडी बैंड और श्रद्धालुओं की कतारों को नियंत्रित करने के लिए तकनीक के इस्तेमाल का सुझाव दिया गया है. इसके साथ ही मंदिर की सुरक्षा, स्वच्छता और जनसंपर्क से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाने की जरूरत बताई गई है. एसआईटी का मानना है कि आधुनिक तकनीक और मजबूत निगरानी व्यवस्था के जरिए मंदिर प्रबंधन में पारदर्शिता लाई जा सकती है.

शासन को भेजी रिपोर्ट, दोबारा ऐसी घटना न हो इसलिए दिए सुझाव: गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने जांच पूरी होने और रिपोर्ट शासन को भेजे जाने की पुष्टि की है. उनका कहना है कि-

इस प्रकरण की जांच पूरी हो चुकी है और रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है. इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सरकार ने सुझाव मांगे थे. जांच समिति ने देश के बड़े मंदिरों के प्रबंधन और दान सामग्री की गिनती की सुरक्षा व्यवस्था का भी अध्ययन किया है. महत्वपूर्ण सुझाव रिपोर्ट के साथ शासन को भेजे गए हैं.
-आनंद स्वरूप, गढ़वाल कमिश्नर-

अब शासन के पाले में गेंद: अब एसआईटी की रिपोर्ट मिलने के बाद शासन के सामने इन सुझावों पर निर्णय लेने की चुनौती है. बदरीनाथ धाम में हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं और बड़ी मात्रा में चढ़ावा चढ़ाया जाता है. ऐसे में चढ़ावे की गिनती और उसके प्रबंधन की व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है. अब देखना होगा कि शासन और बीकेटीसी रिपोर्ट में दिए गए सुझावों पर कब और किस तरह अमल करते हैं.