kotha
post authorAdmin 10 Oct 2022

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम में आयोजित विरासत आर्ट एण्ड हेरिटेज फेस्टिवल का शुभारम्भ किया.

देहरादून - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कौलागढ़ रोड देहरादून स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम में आयोजित विरासत आर्ट एण्ड हेरिटेज फेस्टिवल का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऐसे आयोजन विभिन्न राज्यों के परम्परागत हस्तशिल्प एवं लोक कलाओं को प्रभावी मंच प्रदान करने के साथ उनके संरक्षण के लिये भी प्रोत्साहित करते हैं। ऐसे आयोजन बुनकरों व कारीगरों को उत्पादों के विपणन के लिये बाजार भी उपलब्ध करवाते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने इस आयोजन में प्रतिभाग कर रहे लोककला व हस्त शिल्पकारों का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन उन्हें अपनी कला के प्रदर्शन का बेहतर अवसर प्रदान करेगा। यह आयोजन राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं पारम्परिक लोककला को भी पहचान दिलाने में मददगार होगा। मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि हमारा प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो, इसके लिये सभी को सहभागी बनना होगा। राज्य सरकार के अनेक प्रस्तावों पर ओएनजीसी द्वारा सहयोग किया जा रहा है। ओएनजीसी द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों में राज्य सरकार को सहयोग दिया जा रहा है। इस अवसर पर रीच फाउंडेशन के प्रबंधक आर के सिंह, ओ.एन.जी.सी. के सी एम डी, आर के श्रीवास्तव, डायरेक्टर पंकज कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।