kotha
post authorAdmin 21 Apr 2024

उत्तराखंड वासियों को मिली राहत, 22 अप्रैल से शुरु हो जाएंगी चुनाव में लगी परिवहन निगम की 300 बसें.

संसदीय चुनाव में प्रदेशभर में उत्तराखंड परिवहन निगम की करीब 300 बसों के अधिग्रहण के कारण यात्रियों को हो रही परेशानी कल यानी सोमवार से दूर हो सकती है। सभी बसों का संचालन कल यानी सोमवार को कर दिया जाएगा।

परिवहन निगम प्रबंधन का दावा है कि रविवार रात तक सभी बसें वापस आ जाएंगी और सोमवार से उन सभी मार्गों पर बसों का संचालन फिर से सुचारू हो जाएगा, जहां अधिग्रहण के चलते बस सेवाएं रोकी गई थी। बताया जा रहा कि करीब 200 बसें शनिवार शाम तक चुनाव डयूटी से लौट आई हैं, जबकि बाकी रविवार रात तक लौट आएंगी।

आम चुनाव में अर्ध सैनिक व सशस्त्र बलों की डयूटी के लिए परिवहन निगम बसों को अधिग्रहित किया गया था। इसके साथ ही कुछ पर्वतीय मार्गों पर पोलिंग पार्टी डयूटी में भी निगम की बसें लगाई गई थी। जिसके चलते कुछ मार्गों पर बसों की सेवाएं बंद कर दी गई थी। गत 15 अप्रैल से 21 अप्रैल तक के लिए इन बसों को अधिग्रहित किया गया था। बसों के चुनाव ड्यूटी में लगाने से संचालन पर असर पड़ा था।

पर्वतीय मार्गों पर बसों के बाद यात्रियों के लिए मैक्सी कैब एकमात्र सहारा हैं लेकिन चुनाव में बड़ी संख्या में मैक्सी-कैब का भी अधिग्रहण हुआ था। ऐसे में पिछले सप्ताह सभी पर्वतीय मार्गों पर परिवहन व्यवस्था बुरी तरह से चरमराई रही। अब यह स्थिति सुधरती नजर आ रही है। महाप्रबंधक दीपक जैन ने बताया कि बसें वापस आनी शुरू हो गई हैं। सोमवार से सभी सेवाएं सुचारू हो जाएंगी।