kotha
post authorAdmin 15 Jun 2024

RUDRAPRAYAG ACCIDENT: 26 यात्रियों को लेकर जा रहा टेंपो ट्रैवलर अलकनंदा में गिरा, 13 की मौत.

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में आज शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली नोएडा के यात्रियों को टेंपो ट्रैवलर अलकनंदा नदी में जा गिरा। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 13 घायल है। छह गंभीर घायलों को पांच हेलिकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर ऋषिकेश एम्स लाया गया है, जहां एक घायल ने दम तोड़ दिया। जबकि सात अस्पताल में भर्ती है।

दिल्ली नोएडा से 26 यात्रियों को लेकर रात को वाहन निकला था। जानकारी के अनुसार रुद्रप्रयाग शहर से पांच किलोमीटर आगे बदरीनाथ हाईवे पर रैतोली के पास एक टेंपो ट्रैवलर पैरापिट को तोड़ते हुए अलकनंदा नदी में गिर गया। हादसे का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है।

पंजीकरण जांच के लिए रोका गया था वाहन
दुर्घटनाग्रस्त वाहन चारधाम यात्रा का नहीं था। इसलिए वाहन का ट्रिप कार्ड नहीं बनाया गया था। साथ ही यात्रियों का पंजीकरण भी नहीं था। ट्रिप कार्ड व पंजीकरण की बाध्यता सिर्फ चारधाम वाहनों व यात्रियों के लिए है। बताया जा रहा है कि जब ब्रहमपुरी में वाहन को पंजीकरण जांच के लिए रोका गया तो चालक ने चोपता तुंगनाथ ट्रिप पर जाने की बात कही। जिस पर वाहन को चेक पोस्ट से छोड़ दिया गया। वाहन में सभी सवार युवा थे। जो चोपता-तुंगनाथ-चंद्रशिला की ट्रिप पर पर निकले थे। वाहन हरियाणा का था। जिसका एक साल पहले ही पंजीकरण किया गया था। वाहन के सभी दस्तावेज पूर्ण थे। वाहन में यात्री दिल्ली से बैठाए गए थे।

सीएम धामी ने हादसे पर जताया दुख

हादसे के खबर पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि टेंपो ट्रैवलर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत पीड़ादायक समाचार प्राप्त हुआ। स्थानीय प्रशासन व एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई है। घायलों को नज़दीकी चिकित्सा केंद्र पर उपचार के लिए भेज दिया गया है। ज़िलाधिकारी को घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।