kotha
post authorAdmin 12 Aug 2024

Dehradun : दून अस्पताल के एमआरआई सेंटर में लगी आग.

सोमवार सवेरे दून अस्पताल के एमआरआई सेंटर (मैग्नेटिक रेसोनेंस इमेजिंग सेंटर) के स्टोर में अचानक आग लग गई। आग लगने के कारण स्टोर में फिल्म अलमारी, कंट्रास्ट और सरकारी दस्तावेज जल गए। विभागीय कर्मचारियों के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट है। फिलहाल डायग्नोस्टिक डिपार्मेंट की बिजली काट दी गई है।

मौके पर मौजूद रहे सिटी स्कैन इंचार्ज अभय नेगी, टेक्निकल इंचार्ज रेडियो डायग्नोस्टिक महेंद्र भंडारी ने बताया कि आज सवेरे 10:30 बजे के आसपास रेडियो डायग्नोस्टिक डिपार्टमेंट के स्टोर में अचानक आग लग गई। आग लगने से धुंआ चारों ओर फैल गया। उस दौरान डिपार्टमेंट के फर्स्ट फ्लोर पर 20 से 22 मरीज और अटेंडेंट मौजूद थे। निकासी न होने की वजह से दून अस्पताल के स्टाफ ने वहां मौजूद मरीजों को दूसरे छोर से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। अस्पताल के कर्मचारियों ने टीन शेड से चढ़कर मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग लगने के बाद फिलहाल एमआरआई की जांच को रोक दिया गया है। दून अस्पताल के कर्मचारियों की तत्परता की वजह से बड़ा हादसा होने से टल गया।

दमकल के एक वाहन ने आकर एमआरआई सेंटर के डिपार्टमेंटल स्टोर की आग बुझाई। विभागीय कर्मचारियों के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। दून अस्पताल उत्तराखंड का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है। इस अस्पताल में देहरादून और आसपास के मरीजों का इलाज तो होता ही है, यहां राज्य भर से मरीज अपना इलाज कराने आते हैं। इसके साथ ही गढ़वाल मंडल के जिलों से रेफर हुए अधिकांश मरीज भी दून अस्पताल में इलाज के लिए आते हैं।