kotha
post authorAdmin 28 Sep 2024

Uttarakhand : पहले चरण में भाजपा ने बनाएं 14 लाख सदस्य.

प्रदेश भाजपा ने संगठन पर्व के पहले चरण में 14 लाख सदस्य बना लिए हैं। यह खुलासा सदस्यता अभियान की समीक्षा के दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने किया। इनमें करीब 12 लाख सदस्य ऑनलाइन और बाकी ऑफलाइन हैं। दूसरे चरण के अभियान में पार्टी ने 50 हजार के स्थान पर अब हर दिन एक लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस अभियान में बनने वाला प्रत्येक सदस्य विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अहम भूमिका निभाने वाला है। प्रदेश पार्टी कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक में सीएम और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सर्वाधिक सदस्य बनाने वाले सहसपुर के विधायक सहदेव पुंडीर, सितारगंज के विधायक व कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और हरिद्वार के विधायक मदन कौशिक को सम्मानित किया। लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाने वाले विस क्षेत्र अल्मोड़ा, उत्तरकाशी एवं पौड़ी, देहरादून कैंट और टिहरी के संगठन की पीठ थपथपाई गई।

बैठक में आगामी सदस्यता अभियान की कार्ययोजना बनी। बताया गया कि प्रदेश में तीन ऐसे बूथ हैं जहां पिछले चुनावों में वहां पार्टी को मिले कुल मतों से भी अधिक सदस्य बनें। इनमें बदरीनाथ विस सीट पर प्रदेश अध्यक्ष के बूथ संख्या 175, ऋषिकेश में बूथ संख्या 85 और विकास नगर में बूथ संख्या आठ शामिल हैं ।1000 से अधिक सदस्य बनाने वाले 150 कार्यकर्ताओं को सम्मान किया गया।

अगले तीन रविवार को महाभियान, दो लाख सदस्यों का लक्ष्य

महेंद्र भट्ट ने कहा कि अब दैनिक औसत बढ़ाने के साथ ही पार्टी अगले तीन रविवार 29 सितंबर, छह अक्तूबर, 13 अक्तूबर को महाभियान चलाएगी। इसमें प्रत्येक दिन दो लाख सदस्य बनाए जाएंगे। महाअभियान में प्रत्येक बूथ पर लगे बूथ प्रवासी के साथ एक वरिष्ठ कार्यकर्ता को सदस्यता सहयोगी के रूप में नियुक्त होगा। प्रत्येक वरिष्ठ कार्यकर्ता को न्यूनतम 200 सदस्य बनाने के बाद ही बूथ छोड़ेगा। महाअभियान के तीनों दिन सभी सांसद, मंत्री, दायित्वधारी, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष एवं निवर्तमान मेयर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।

सक्रिय सदस्यता की कार्ययोजना भी बनीं

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि प्राथमिक सदस्यता अभियान के बाद सक्रिय सदस्यता अभियान को लेकर भी कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया। सभी जिलों में पांच नवंबर को जिला समीक्षा समिति के अनुमोदन के बाद मंडलवार सक्रिय सदस्यों की सूची जिला अध्यक्ष घोषित करेंगे। बैठक में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, सांसद अजय भट्ट, कल्पना सैनी, प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार, प्रदेश महामंत्री खिलेंद्र चौधरी, राजेंद्र बिष्ट, प्रदेश सदस्यता संयोजक कुलदीप कुमार, सह संयोजक मुकेश कोली, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल समेत कई अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।