भारत और पाकिस्तान के बीच जारी युद्ध जैसे हालात अब आम जनजीवन और धार्मिक गतिविधियों पर भी असर डालने लगे हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान द्वारा किए जा रहे ड्रोन हमलों और बढ़ते तनाव के बीच उत्तराखंड सरकार ने केदारनाथ यात्रा के लिए हेलिकॉप्टर सेवा पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी है। सुरक्षा कारणों के चलते कई होटल और हेली सेवा की बुकिंग रद्द कर दी गई हैं।
यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब भारत-पाकिस्तान तनाव चौथे दिन में प्रवेश कर चुका है। सरहद पर हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। शुक्रवार देर रात पाकिस्तान ने भारत के 26 शहरों को ड्रोन से निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन भारत की मजबूत वायु रक्षा प्रणाली ने इन हमलों को विफल कर दिया। जवाब में भारतीय सेना ने भी सख्त कार्रवाई की है और पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को करारा जवाब दिया है।
इस स्थिति के मद्देनजर देश के कई सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ-साथ उत्तराखंड में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी बरती जा रही है। केदारनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को फिलहाल इंतजार करना पड़ेगा क्योंकि हेली सेवा अग्रिम आदेश तक बंद कर दी गई है।
इसी बीच साइबर हमलों की आशंका को देखते हुए उत्तराखंड की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अपने साइबर कमांडो को एक्टिव कर दिया है। डीजीपी दीपम सेठ ने STF को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। एक विशेष टीम बनाई गई है जो सोशल मीडिया, वेबसाइट्स और सरकारी डेटा सिस्टम्स पर नजर रखे हुए है।
प्रदेशवासियों के लिए एक साइबर एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें लोगों से किसी भी संदिग्ध लिंक या जानकारी से दूर रहने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है।



Admin






