kotha
post authorAdmin 10 May 2025

मसूरी में पर्यटन पर भारत-पाक तनाव की मार: बुकिंग 50% तक घटी, स्कूलों में भी सतर्कता बढ़ी.

भारत-पाकिस्तान के बीच ऑपरेशन सिंदूर के बाद उपजे तनाव का असर अब उत्तराखंड के पर्यटन नगरी मसूरी में भी देखने को मिल रहा है। मसूरी के पर्यटन व्यवसाय पर इस तनाव की सीधी मार पड़ी है। शहर के होटलों में एडवांस बुकिंग 30 से 50 फीसदी तक रद्द हो चुकी है और मई-जून जैसे व्यस्त सीजन में नई बुकिंग लगभग ठप हो गई है।

मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के अनुसार, देश के विभिन्न राज्यों—पंजाब, गुजरात, दिल्ली, हरियाणा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश—से आने वाले पर्यटकों ने अपनी यात्रा स्थगित कर दी है। इससे पर्यटन व्यवसायियों को आर्थिक नुकसान की गंभीर आशंका है।

कैंपटी रोड स्थित एक होटल के स्वामी आशीष गोयल ने बताया कि गुरुवार को उनके होटल में ठहरे अधिकतर पर्यटक शुक्रवार को ही मसूरी छोड़कर चले गए। कुछ कपल्स ने भी चार दिनों की बुकिंग रद्द कर दी है। मुंबई से आने वाले कई पर्यटकों ने अपनी एडवांस बुकिंग कैंसिल कर दी, जिससे होटल व्यवसाय और भी प्रभावित हुआ है।

सिर्फ पर्यटन ही नहीं, बल्कि मसूरी के प्रतिष्ठित स्कूलों में भी एहतियात बरती जा रही है। सूत्रों के अनुसार, कई नामी स्कूलों ने अभिभावकों को यह विकल्प दिया है कि वे चाहें तो अपने बच्चों को अस्थायी रूप से घर ले जा सकते हैं। एक स्कूल प्रशासन ने बताया कि स्थानीय प्रशासन के संपर्क में रहते हुए यह निर्णय लिया गया है ताकि अभिभावकों की चिंताओं को ध्यान में रखा जा सके। हालांकि, फिलहाल किसी भी तरह की चिंता की स्थिति नहीं है।

वहीं, पूरे राज्य में साइबर हमलों की आशंका को देखते हुए एसटीएफ ने भी अलर्ट मोड में साइबर कमांडो को सक्रिय कर दिया है। एक विशेष टीम बनाई गई है जो सोशल मीडिया और सरकारी वेबसाइट्स पर नजर बनाए हुए है। प्रदेशवासियों के लिए साइबर एडवाइजरी भी जारी की गई है जिसमें अफवाहों और संदिग्ध लिंक से दूर रहने की सलाह दी गई है।

मसूरी में हालात सामान्य हैं, लेकिन पर्यटन और शिक्षा संस्थानों में सावधानी और सतर्कता का माहौल बना हुआ है।