उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत-पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव पर भारतीय सेना के साहस और रणनीति की जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि हमारी सेना ने अपने अदम्य साहस, वीरता और शानदार रणनीतिक कौशल से पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले का जवाब जिस सटीक और निर्णायक तरीके से हमारी सेना ने दिया, उसने यह सिद्ध कर दिया कि भारत की सैन्य शक्ति अब पहले से कहीं अधिक प्रभावशाली और निर्णायक हो चुकी है।
सीएम धामी ने कहा कि हमारी सेना ने न केवल जवाबी कार्रवाई की, बल्कि पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकियों के ठिकानों का सफाया कर एक नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने इस साहसिक कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मजबूत नेतृत्व शैली ने देश को ऐसी निर्णायक कार्रवाई करने का सामर्थ्य दिया है।
सीएम धामी ने बताया कि सेना की कड़ी कार्रवाई से पाकिस्तान इतना दबाव में आ गया कि उसे चार दिनों के भीतर ही युद्ध विराम की अपील करनी पड़ी। यह भारत की सैन्य शक्ति और नेतृत्व क्षमता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पूरा देश हमारी सेना के साथ है और उन पर गर्व करता है। देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए भारतीय सेना का यह योगदान अतुलनीय है।



Admin






