उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिल्ली दौरे के बाद राज्य में कैबिनेट विस्तार और फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तरकाशी दौरे के बाद सीएम धामी दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल में बदलाव की अटकलें जोर पकड़ रही हैं ।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी मीडिया से बातचीत में कहा कि कैबिनेट विस्तार होना तय है, और मुख्यमंत्री इस पर जल्द निर्णय लेंगे। उन्होंने यह बयान ऐसे समय में दिया जब सीएम धामी दिल्ली में थे, जिससे सियासी गलियारों में हलचल मच गई ।
वहीं, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने भी मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी फोरम पर अपनी बात रख दी है, और अब आलाकमान को निर्णय लेना है । इसके अलावा, कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की भी चर्चा है, जिससे कैबिनेट विस्तार की संभावना और प्रबल हो गई है ।
सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट में चार पद रिक्त हैं, और पार्टी नेतृत्व नए चेहरों को शामिल करने पर विचार कर रहा है। देहरादून, हरिद्वार, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों से नए मंत्रियों के नाम सामने आ रहे हैं ।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, आगामी लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनावों को देखते हुए भाजपा नेतृत्व राज्य में संगठन और सरकार के संतुलन को बनाए रखने के लिए कैबिनेट विस्तार और फेरबदल की योजना बना रहा है ।



Admin






