उत्तराखंड के पौड़ी जिले के नैनीडांडा क्षेत्र स्थित ग्राम जमुण में शनिवार देर रात एक महिला पर बाघ ने हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मृतक महिला की पहचान 56 वर्षीय गुड्डी देवी भदूला के रूप में हुई है। वह अपने खेतों की ओर जा रही थीं, तभी बाघ ने उन पर हमला किया और लगभग 300 मीटर घसीटते हुए जंगल में ले गया। महिला के पालतू कुत्ते ने बाघ का पीछा किया, जिससे बाघ शव को खा नहीं सका। महिला के सिर और पीठ पर बाघ के दांतों और नाखूनों के निशान पाए गए हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग और कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर पहुंची और महिला के शव को बरामद किया। वन विभाग ने मृत महिला के परिजनों को तत्काल राहत राशि के रूप में दो लाख रुपये दिए हैं। इसके अलावा, गांव में आठ से दस वनकर्मियों की तैनाती की गई है और ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं ताकि बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बाघ पिछले कुछ दिनों से इलाके में देखा जा रहा था, लेकिन वन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। ग्रामीणों ने बाघ को पकड़ने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को रात में अकेले बाहर न जाने और समूह में रहने की सलाह दी है। साथ ही, वन विभाग जल्द ही प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाने पर विचार कर रहा है ताकि आदमखोर बाघ को पकड़ा जा सके।



Admin






