देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास पर इस वर्ष होली का पर्व पारंपरिक उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ ढोल की थाप पर ठुमके लगाते हुए होली के रंगों में सराबोर होकर सभी को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर आयोजित 'होली मिलन' कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली। गढ़वाल, कुमाऊं और जौनसार क्षेत्रों के लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और गीतों की प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने स्वयं ढोल और थाली बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और उनके साथ नृत्य में भाग लिया।
कार्यक्रम में राठ क्षेत्र की लोक कला समिति, लोहाघाट की शिवनिधि स्वयं सहायता समूह और खटीमा के वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप थारू उत्थान समिति के कलाकारों ने विशेष प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने इन कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सरकार राज्य की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस होली मिलन समारोह में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता के महत्व पर बल दिया।



Admin






