उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के 15 इलाकों के नाम बदलने का ऐलान किया है। यह निर्णय हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों में लागू होगा। इन इलाकों में एक नगर पंचायत, गांव, कस्बे और सड़कें शामिल हैं, जिनके नाम भारतीय संस्कृति और इतिहास से जुड़े महापुरुषों के नाम पर रखे जाएंगे।
धामी सरकार ने सबसे पहले हरिद्वार जिले के गांव 'औरंगजेबपुर' का नाम बदलकर 'शिवाजीनगर' रखने का निर्णय लिया है। इसके अलावा, बहादराबाद के गाजीवाली का नाम 'आर्यनगर', चांदपुर का 'ज्योतिबाफुले नगर' और नारसन के मोहम्मदपुर जट का नाम बदलकर 'मोहनपुर जट' रखा जाएगा। इसी तरह, खानपुर कुर्सली को 'आंबेडकर नगर', खानपुर ब्लॉक के इंदरीशपुर को 'नंदपुर', और रुड़की के अकबरपुर फाजलपुर को 'विजयनगर' नाम दिया जाएगा।
देहरादून में मियांवाला वार्ड का नाम 'रामजीवाला', विकासनगर के पीरवाला गांव का नाम 'केसरीनगर', चांदपुर खुर्द का 'पृथ्वीराजनगर' और अब्दुल्लापुर गांव का नाम 'दक्षनगर' किया जाएगा। नैनीताल जिले में हल्द्वानी के नवाबी रोड का नाम 'अटल मार्ग' और पनचक्की से आईटीआई मार्ग का नाम 'गुरु गोलवलकर मार्ग' रखा जाएगा। वहीं, ऊधमसिंह नगर की नगर पंचायत सुल्तानपुर पट्टी का नाम 'कौशल्यापुरी' किया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इस कदम को विकास की असल समस्याओं से ध्यान हटाने की कोशिश करार दिया। वहीं, भाजपा ने इसे एक ऐतिहासिक कदम माना है, जिसमें भारतीय संस्कृति और महापुरुषों की याद ताजा की जाएगी। मुख्यमंत्री धामी का कहना है कि यह नाम परिवर्तन जनभावनाओं और भारतीय विरासत के अनुरूप हैं।



Admin






