केदारनाथ धाम की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर है। इसी क्रम में हेली सेवा के टिकटों की बुकिंग को लेकर एक बार फिर बड़ी घोषणा सामने आई है। जून माह के लिए केदारनाथ हेली सेवा की ऑनलाइन बुकिंग 7 मई को दोपहर 12 बजे से शुरू की जाएगी। यह बुकिंग भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट [www.heliyatra.irctc.co.in](http://www.heliyatra.irctc.co.in) के माध्यम से की जाएगी।
आईआरसीटीसी की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, इस बार एक से 30 जून तक की हवाई यात्रा के लिए टिकट बुकिंग खोली जाएगी। इससे पहले अप्रैल में जब 31 मई तक की बुकिंग खोली गई थी, तो वह मात्र पांच मिनट में ही फुल हो गई थी। ऐसे में जून माह के लिए भी सीटें कुछ ही मिनटों में भरने की संभावना है।
इन बातों का विशेष ध्यान रखें:
बुकिंग केवल आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in के माध्यम से ही की जाएगी। किसी भी अन्य वेबसाइट, एजेंसी या बिचौलिये पर भरोसा न करें।
बुकिंग से पूर्व वेबसाइट पर दिए गए सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।
किसी भी अज्ञात मोबाइल नंबर, व्हाट्सएप मैसेज या लिंक के जरिए बुकिंग करने से बचें।
भुगतान केवल आईआरसीटीसी पोर्टल पर ही करें। किसी भी क्यूआर कोड या यूपीआई आईडी के माध्यम से भुगतान करने से पूरी तरह बचें।
यदि किसी संदिग्ध गतिविधि या ठगी का संदेह हो, तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
आईआरसीटीसी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित रखने के लिए पूरी व्यवस्था की गई है, लेकिन किसी भी तरह की धोखाधड़ी से बचने की जिम्मेदारी यात्रियों की सतर्कता पर भी निर्भर है।
चारधाम यात्रा के तहत केदारनाथ धाम की कठिन पैदल यात्रा को आसान बनाने के लिए हेली सेवा एक बड़ा विकल्प बन चुकी है। हर साल लाखों श्रद्धालु इस सेवा का लाभ लेते हैं, जिससे उन्हें समय की बचत होती है और यात्रा सुगम होती है। इस वर्ष भी भारी भीड़ को देखते हुए हेली टिकट बुकिंग में तेजी देखी जा रही है। ऐसे में श्रद्धालुओं से आग्रह है कि वे समय पर पंजीकरण करें और किसी भी तरह की ठगी से सतर्क रहें।



Admin






