kotha
post authorAdmin 05 May 2025

Chardham Yatra: चारधाम यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, अब तक 1.89 लाख ने किए दर्शन.

उत्तराखंड में शुरू हुई चारधाम यात्रा इस वर्ष श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। 30 अप्रैल 2025 से शुरू हुई यात्रा में अब तक 1,89,212 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें सबसे अधिक 79,699 श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचे हैं, जबकि यमुनोत्री में 48,194, गंगोत्री में 37,739 और बदरीनाथ धाम में अब तक 23,580 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं।

चारधाम यात्रा को लेकर देशभर के श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। अब तक यात्रा के लिए 24.38 लाख तीर्थयात्रियों का पंजीकरण हो चुका है। वहीं फरवरी 2025 से शुरू हुई जीएमवीएन गेस्ट हाउसों की ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग के तहत 11.84 करोड़ रुपये से अधिक की बुकिंग भी हो चुकी है।

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर प्रदेशवासियों और तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा का विशेष ध्यान रखा जाए और आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत पूरे सम्मान और सेवा भाव के साथ किया जाए।

उन्होंने पुलिस और प्रशासन से अपील की कि वे यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया कि वे अपनी यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाने के लिए यात्रा पर निकलने से पहले डॉक्टर की सलाह अवश्य लें।

पर्यटन मंत्री ने विशेष रूप से यह चेतावनी दी कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी के चलते स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसलिए तीर्थयात्री आवश्यक दवाएं, प्राथमिक उपचार की सामग्री और जरूरी उपकरण अपने साथ रखें। साथ ही अपने पहचान पत्र, यात्रा अनुमति और पंजीकरण दस्तावेज भी यात्रा के दौरान साथ रखना अनिवार्य है।

महाराज ने बदरी-केदार मंदिर समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कपरवाण को बधाई देते हुए आशा जताई कि समिति चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सेवा और व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करेगी।