उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम विभाग ने खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। यह अलर्ट पांच से सात मई तक के लिए जारी किया गया है, जिसमें प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज बारिश, ओलावृष्टि और झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका व्यक्त की गई है।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पांच मई को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं तेज वर्षा, बिजली की चमक, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं छह और सात मई को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर, देहरादून और नैनीताल जिलों में भी इसी प्रकार की मौसमीय गतिविधियों की संभावना जताई गई है।
इसको देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि वे आवश्यक एहतियाती कदम उठाएं और जिले में तैनात सभी विभागीय नोडल अधिकारियों और आईआरएस प्रणाली से जुड़े अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा जाए।
विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही राज्य के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश, ओलावृष्टि या खराब मौसम की चेतावनी के दौरान पर्यटकों के आवागमन पर भी अस्थायी रूप से रोक लगाने का सुझाव दिया गया है ताकि किसी भी आपदा की स्थिति से बचा जा सके।



Admin






