Deheradun: पाकिस्तान में भारतीय सेना द्वारा किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद देहरादून जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एसएसपी देहरादून की ओर से जारी आदेश के बाद जिले की शहरी और ग्रामीण सीमा में पुलिस व अर्धसैनिक बलों की संयुक्त टीमों द्वारा वृहद स्तर पर सत्यापन और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
यह सुरक्षा अभियान मंगलवार देर रात भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद शुरू किया गया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैय्यबा, हिजबुल मुजाहिदीन जैसे आतंकवादी संगठनों के ठिकानों को निशाना बनाया गया। सेना ने हमले से पहले सोशल मीडिया पर संदेश देते हुए लिखा था, “हमले को तैयार, जीतने को बेकरार।” स्ट्राइक के कुछ ही देर बाद सेना ने दोबारा पोस्ट किया, “न्याय हुआ, जय हिंद!”
सेना की कार्रवाई के बाद देहरादून पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस की कई टीमें देहरादून के संवेदनशील इलाकों, खासकर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजारों और बाहरी व्यक्तियों के ठिकानों पर सघन चेकिंग कर रही हैं। कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए थानों में लाया गया है और उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
एसएसपी देहरादून ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है और आमजन से भी सतर्क रहने की अपील की गई है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश जारी किए गए हैं।वहीं, पाकिस्तानी मीडिया ने दावा किया है कि भारतीय सेना की इस कार्रवाई में 30 लोगों की मौत हुई है जबकि 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के छह अलग-अलग ठिकानों पर 24 मिसाइल दागे गए।
भारतीय सेना की इस कार्रवाई को 15 दिन पहले पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जवाब माना जा रहा है। यह ऑपरेशन भारत की सुरक्षा नीति में तेजी और आक्रामकता का संकेत देता है, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि आतंक के खिलाफ अब भारत निर्णायक कार्रवाई करने को तैयार है।



Admin






