kotha
post authorAdmin 07 May 2025

हवाई हमलों की तैयारी: आज शाम देहरादून में मॉक ड्रिल, सायरन बजते ही शुरू होगा बचाव अभ्यास.

Dehradun: बुधवार शाम चार बजे से देहरादून शहर में एयर रेड सायरन बजने के साथ ही एक व्यापक मॉक ड्रिल शुरू की जाएगी। युद्ध जैसे हालात या हवाई हमले की स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की तैयारी के तहत इस अभ्यास को अंजाम दिया जाएगा। प्रशासन और सिविल डिफेंस ने मॉक ड्रिल की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में मॉक ड्रिल की रणनीति और कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में सिविल डिफेंस और स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने भी भाग लिया। इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य यह परखना है कि किसी आपात स्थिति में आमजन को सुरक्षित स्थानों तक ले जाने में कितना समय लगता है और कहां सुधार की आवश्यकता है।

शहर के आराघर चौकी, धारा चौकी, एनआईईपीवीडी, कलेक्ट्रेट और लक्खीबाग पुलिस चौकी सहित नौ स्थानों पर लगे एयर रेड सायरनों की जांच कर ली गई है। सभी उपकरण कार्यशील पाए गए हैं। सायरन बजते ही सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक और पुलिस टीम हरकत में आएगी और बड़ी इमारतों और सार्वजनिक स्थलों से लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का अभ्यास किया जाएगा।

इस दौरान लोगों को भविष्य में संभावित खतरों से सचेत भी किया जाएगा। सिविल डिफेंस यह जानकारी देगा कि हवाई हमले या आपदा की स्थिति में ब्लैकआउट के दौरान किन चीजों का ध्यान रखना चाहिए, किन वस्तुओं को पास में रखना जरूरी है और किन चीजों से परहेज करना चाहिए।

इस अभ्यास में रिस्पांस टाइम यानी चेतावनी के बाद कितनी जल्दी टीमें मोर्चा संभालती हैं, इसकी विशेष रूप से निगरानी की जाएगी। किसी भी तरह की खामी सामने आने पर उसे तुरंत सुधारने की योजना है। स्थानीय पुलिस को भी इस दौरान अलर्ट मोड पर रखा गया है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले जून 2023 में देहरादून में आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रिल की गई थी। उस दौरान भी हवाई हमले की स्थिति में सायरन की कार्यक्षमता और बचाव की तैयारियों को परखा गया था। अब पुनः इस अभ्यास के जरिए शहर को किसी भी आपदा या आपातकाल के लिए तैयार किया जा रहा है।