kotha
post authorAdmin 07 May 2025

Uttarakhand:देहरादून में गूंजे 'भारत माता की जय' के नारे, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर जनता ने जताया गर्व.

देहरादून: पाकिस्तान में आतंकियों के खिलाफ भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का जश्न बुधवार सुबह राजधानी देहरादून की सड़कों पर दिखाई दिया। ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों के साथ लोगों ने अपनी सेना को सलामी दी और गर्व का भाव व्यक्त किया।

गढ़ी कैंट क्षेत्र में योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी के नेतृत्व में आयोजित सभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। उन्होंने भारतीय सेना को बधाई देते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब आतंकवाद का समूल नाश होना चाहिए। डॉ. जोशी ने कहा, “जब तक अंतिम आतंकी जिंदा है, तब तक कार्रवाई रुकनी नहीं चाहिए। सेना का यह साहसिक कदम देश के हर नागरिक के हृदय में नया जोश भरने वाला है।”

इस दौरान कई स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं भी रैली में शामिल हुए। वसंत उपाध्यक्ष सहित सभी ने कहा कि हमें अपनी सेना पर गर्व है, जो सीमाओं पर देश की रक्षा के लिए हर चुनौती का सामना करती है।

सैनिकों के सम्मान और ऑपरेशन की सफलता के लिए बुधवार को देहरादून के पौराणिक टपकेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर में भोलेनाथ का दुग्धाभिषेक किया गया और देश के वीर सैनिकों की रक्षा के लिए प्रार्थनाएं की गईं। सेना की इस कार्रवाई ने न सिर्फ देशवासियों को गौरवान्वित किया, बल्कि आतंक के खिलाफ भारत की सख्त नीति का परिचय भी दिया है। देहरादूनवासियों ने इस मौके पर मिठाइयां बांटकर और देशभक्ति गीत गाकर जश्न मनाया।