kotha
post authorAdmin 08 May 2025

Uttarkashi: उत्तरकाशी में हेलिकॉप्टर क्रैश: छह की मौत, एक घायल; सीएम धामी ने जताया शोक.

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास एक निजी हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पायलट समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।

एयरोट्रांस कंपनी का यह हेलिकॉप्टर सुबह सहस्त्रधारा हेलीपैड से हर्षिल के लिए रवाना हुआ था, जिसमें कुल सात लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, मेडिकल टीम और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

दुर्घटना में जिन लोगों की मृत्यु हुई, उनके नाम हैं:

1. काला सोनी (61), मुंबई
2. विजया रेड्डी (57), मुंबई
3. रुचि अग्रवाल (56), मुंबई
4. राधा अग्रवाल (79), उत्तर प्रदेश
5. वेदवती कुमारी (48), आंध्र प्रदेश
6. रॉबिन सिंह (60), गुजरात - पायलट

घायल यात्री की पहचान मस्तू भास्कर (51), आंध्र प्रदेश निवासी के रूप में हुई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने प्रशासन को घायल को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने और दुर्घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि वह लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

गौरतलब है कि इन दिनों उत्तराखंड में चारधाम यात्रा चल रही है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों — देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत — में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है।

इससे पहले पांच मई को भी बदरीनाथ से देहरादून जा रहे एक हेलिकॉप्टर को खराब मौसम के कारण गोपेश्वर में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी। यह घटनाएं हेलिकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा और मौसम की चुनौती को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।