kotha
post authorAdmin 08 May 2025

ऑपरेशन सिंदूर के बाद अमृतसर में हाई अलर्ट: तीन गांवों में गिरीं मिसाइलें, ब्लैकआउट और छुट्टियां रद्द.

भारत द्वारा पाकिस्तान पर की गई एयर स्ट्राइक ऑपरेशन सिंदूर के बाद अमृतसर में सुरक्षा हालात बेहद संवेदनशील हो गए हैं। गुरुवार तड़के पंजाब के अमृतसर जिले के तीन गांवों—दुधाला, जेठूवाल और पंधेर—में संदिग्ध मिसाइलें गिरने की खबर से हड़कंप मच गया। अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी मनिंदर सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि घटनास्थल की सूचना सेना को दे दी गई है और विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया है। सेना ही यह स्पष्ट कर सकेगी कि यह वस्तु वास्तव में क्या है।

गांवों में मिसाइलनुमा वस्तुएं मिलने के बाद प्रशासन ने एहतियातन अमृतसर में ब्लैकआउट लागू कर दिया और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई। साथ ही, पंजाब पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं। बताया गया है कि यह निर्णय बुधवार को हुई केंद्रीय गृह मंत्री की उच्चस्तरीय बैठक के बाद लिया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार-गुरुवार की रात करीब 1:02 बजे से 1:09 बजे के बीच लगभग सात मिनट के भीतर छह जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। इससे इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया। कई लोग इसे संभावित हमले की कार्रवाई से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने स्थिति को सामान्य बताते हुए इसे "सोनिक साउंड" करार दिया है। उन्होंने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है और इलाके में किसी भी तरह के हमले की पुष्टि नहीं हुई है। सोनिक साउंड वह तेज धमाका होता है जो तब सुनाई देता है जब कोई फाइटर जेट या वस्तु ध्वनि की गति (लगभग 1225 किमी प्रति घंटा) से तेज उड़ान भरती है।

फिर भी, मिसाइलनुमा वस्तुएं जमीन पर मिलने और ब्लास्ट की आवाजों के बाद लोगों में डर का माहौल है। सेना और पुलिस की टीमें जांच में जुटी हैं और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।