भारत द्वारा आतंकवाद के विरुद्ध चलाए जा रहे कड़े अभियानों के बीच उत्तराखंड सरकार ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट मोड में कार्रवाई शुरू कर दी है। सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को सभी संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए सतर्क और तैयार रहने को कहा गया।
बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। प्रशासनिक इकाइयों को अलर्ट पर रखा गया है और नियमित गश्त के साथ-साथ सुरक्षा उपायों को मजबूत किया जा रहा है। बैठक में स्पष्ट किया गया कि सीमावर्ती संवेदनशील इलाकों में किसी भी गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग को राज्य के सभी अस्पतालों में जीवन रक्षक दवाओं, सर्जिकल उपकरणों और अन्य आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सके।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को राज्य में आवश्यक खाद्य सामग्री, राशन और पेयजल की नियमित आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए एक विशेष निगरानी तंत्र भी सक्रिय किया गया है, जो आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की बाधा को तुरंत दूर करेगा।



Admin






