उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मंगलवार, 4 फरवरी को राज्य के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के ऊंचाई वाले हिस्सों में हल्की वर्षा हो सकती है। वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में भी मौसम सक्रिय रहने के संकेत मिले हैं।
टिहरी, देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं तेज गर्जना और बिजली चमकने की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फरवरी के दूसरे सप्ताह में बारिश की संभावना कम बनी हुई है, जिससे मैदान से लेकर पहाड़ तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसका सीधा असर तापमान पर दिख रहा है। सोमवार को देहरादून, पंतनगर, मुक्तेश्वर और नई टिहरी में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।
राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे अधिक गर्मी मुक्तेश्वर में रही, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री अधिक 22 डिग्री दर्ज किया गया। यह तापमान इस मौसम के लिहाज से असामान्य माना जा रहा है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी दिनों में बारिश नहीं होने पर तापमान और अधिक बढ़ सकता है, जिससे गर्मी की शुरुआत समय से पहले हो सकती है।



Admin






