प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 फरवरी को उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के प्रसिद्ध मुखबा गांव का दौरा करेंगे। इस दौरान वे जनकताल ट्रैक परियोजना का शिलान्यास करेंगे, जो क्षेत्र के पर्यटन और धार्मिक महत्व को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
मुखबा गांव, गंगोत्री धाम की ग्रीष्मकालीन पूजा स्थली है और इसका धार्मिक महत्व अत्यधिक है। प्रधानमंत्री का यह दौरा न केवल विकास की दृष्टि से अहम है, बल्कि क्षेत्रीय आस्था और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर महत्व देने का प्रतीक भी है।
प्रधानमंत्री मोदी जनकताल ट्रैक के शिलान्यास के साथ-साथ स्थानीय लोगों से संवाद भी करेंगे। यह ट्रैक धार्मिक और ट्रेकिंग प्रेमियों के लिए एक नया आकर्षण बनेगा, जिससे उत्तरकाशी में पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ ट्रैक शिलान्यास स्थल और मुखबा गांव में साफ-सफाई व सौंदर्यीकरण के कार्य भी युद्ध स्तर पर चल रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री का यह दौरा उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में केंद्र सरकार की विकास योजनाओं की मौजूदगी और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही, यह स्थानीय संस्कृति और धार्मिक महत्व के स्थलों को राष्ट्रीय फलक पर स्थान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।



Admin






