उत्तराखंड की राजनीति से जुड़े एक अहम चेहरे और जेल में बंद पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की तबीयत देर रात अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उन्हें हरिद्वार जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत को देखते हुए जेल प्रशासन ने तुरंत चिकित्सकीय सहायता मुहैया कराई।
सूत्रों के अनुसार, चैंपियन को तेज सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हुई। जेल में मौजूद मेडिकल टीम ने उनकी प्राथमिक जांच की और स्थिति को गंभीर मानते हुए उन्हें रात करीब 12 बजे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें आपातकालीन वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, पूर्व विधायक की हालत अब स्थिर है, लेकिन उन्हें निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों ने संभावित हृदय संबंधी परेशानी की आशंका जताई है, हालांकि अभी विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट आनी बाकी है।
हरिद्वार जेल प्रशासन ने बताया कि "कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को समय पर इलाज मुहैया कराया गया है। अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम उनकी जांच कर रही है। जरूरत पड़ी तो उन्हें हायर सेंटर रेफर किया जाएगा।"
पूर्व विधायक वर्तमान में एक विवादित आपराधिक मामले में न्यायिक हिरासत में हैं और पिछले कुछ समय से जेल में बंद हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर उनके समर्थकों और परिवार में चिंता का माहौल है।
फिलहाल जिला अस्पताल में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं, और किसी को भी उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी गई है। प्रशासन मामले पर करीबी नजर बनाए हुए है।



Admin






