kotha
post authorAdmin 12 May 2025

Uttarakhand: गंगोत्री-यमुनोत्री में उमड़ा आस्था का सैलाब, दो लाख से अधिक ने किए दर्शन.

उत्तरकाशी जनपद के प्रसिद्ध गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में रविवार को भारी बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह अडिग दिखाई दिया। सुबह से हो रही रुक-रुक कर बारिश के बावजूद हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए धामों की ओर बढ़ते रहे। श्रद्धालु छाते और बरसाती लेकर लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।

गंगा पुरोहित सभा के सचिव माधव सेमवाल और सदस्य राजेश सेमवाल ने बताया कि गंगोत्री धाम में बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई और ठंड बढ़ गई, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह तनिक भी नहीं घटा। लोग गंगा स्नान के बाद पूरी श्रद्धा के साथ मां गंगा के दर्शन कर रहे हैं।

उधर, यमुनोत्री धाम में भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। पांच किलोमीटर लंबे पैदल मार्ग को श्रद्धालु पूरे जोश के साथ तय कर रहे हैं। राजेश सेमवाल ने बताया कि बीते दो-तीन दिनों में दर्शनार्थियों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है।

प्रशासन द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, 11 मई तक गंगोत्री धाम में 94,251 और यमुनोत्री धाम में 1,12,507 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। कुल मिलाकर अब तक 2,06,758 श्रद्धालु दोनों धामों की यात्रा कर चुके हैं।

प्राकृतिक चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं की यह आस्था न केवल धार्मिक चेतना को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि आस्था के आगे मौसम की बाधाएं भी छोटी पड़ जाती हैं। प्रशासन ने यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, चिकित्सा और अन्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।