kotha
post authorAdmin 14 Mar 2025

उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज: बारिश के बाद अब चढ़ने लगा पारा, गर्मी के तेवर तीखे.

उत्तराखंड में दो सप्ताह तक लगातार खराब मौसम और रुक-रुक कर हो रही बारिश के बाद अब मौसम ने करवट ले ली है। आसमान साफ होते ही राज्य के मैदानी और पर्वतीय इलाकों में दिन का तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी के और तीखे तेवर दिखने की चेतावनी दी है, साथ ही कुछ जिलों में लू चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है।

देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर और नैनीताल जिलों में पारा सामान्य से 3 से 5 डिग्री ऊपर पहुंच चुका है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण दिन में बाहर निकलना मुश्किल होता जा रहा है। पहाड़ी इलाकों में जहां हाल ही में बर्फबारी और बारिश ने लोगों को ठंड का एहसास कराया था, वहीं अब वहां भी तेज धूप और गर्म हवाएं महसूस की जा रही हैं।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आगामी एक सप्ताह तक बारिश की संभावना नहीं है। इससे तापमान में और बढ़ोतरी होगी। खासकर मैदानी जिलों में दोपहर के समय लू चल सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली और पानी की मांग में इजाफा हुआ है। जल संस्थान और ऊर्जा निगम ने आपूर्ति बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध शुरू कर दिए हैं।