kotha
post authorAdmin 14 May 2025

Rudranath:रुद्रनाथ मंदिर के कपाट 18 मई को होंगे श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे, उत्सव डोली यात्रा प्रारंभ.

उत्तराखंड के पवित्र चार केदारों में से एक चतुर्थ केदार रुद्रनाथ मंदिर के कपाट 18 मई की प्रातः 6:00 बजे श्रद्धालुओं के लिए विधिवत पूजा-अर्चना के साथ खोल दिए जाएंगे। मंदिर के कपाट खुलने की सभी तैयारियाँ जोर-शोर से जारी हैं। इसी क्रम में बुधवार को शीतकालीन गद्दी स्थल गोपीनाथ मंदिर, गोपेश्वर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली को बाहर निकाला गया।

डोली यात्रा की शुरुआत के अवसर पर मंदिर परिसर में भारी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे और उन्होंने डोली के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। डोली को दो दिनों तक गोपीनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए दर्शनार्थ रखा गया है। 16 मई को यह डोली अपने गंतव्य रुद्रनाथ मंदिर के लिए प्रस्थान करेगी और 17 मई को मंदिर परिसर में पहुँचेगी।

18 मई को विधि-विधान के साथ रुद्रनाथ मंदिर के कपाट खोले जाएंगे, जिसके साथ ही आधिकारिक रूप से रुद्रनाथ धाम की यात्रा शुरू हो जाएगी। रुद्रनाथ मंदिर समुद्र तल से लगभग 3600 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है और यहाँ पहुँचने के लिए भक्तों को कठिन पैदल यात्रा करनी पड़ती है।

इस वर्ष भारत-पाक तनाव और मार्ग की कठिनाइयों के चलते यात्रा का उत्साह थोड़ा थमा हुआ है, लेकिन स्थानीय प्रशासन और तीर्थ समिति इसे व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए पूरी तरह सक्रिय हैं। अगले पखवाड़े को यात्रा संचालन और श्रद्धालुओं की संख्या के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। श्रद्धालु भारी संख्या में रुद्रनाथ धाम के दर्शन के लिए पहुंचने लगे हैं, और स्थानीय लोग इसे धार्मिक आस्था एवं क्षेत्रीय आर्थिकी दोनों के लिए शुभ संकेत मान रहे हैं।