सिविल सेवा परीक्षा 2024 में ऑल इंडिया 137वीं रैंक प्राप्त करने वाली अंकिता कांति का देहरादून के गणेशपुर क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया। बुटोला फार्म हाउस में आयोजित सम्मान समारोह में क्षेत्रीय जनमानस, जनप्रतिनिधियों और शिक्षाविदों ने अंकिता की इस उपलब्धि को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
समारोह के मुख्य अतिथि सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर और अति विशिष्ट अतिथि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने अंकिता को सम्मानित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतिभाएं न केवल क्षेत्र का गौरव बढ़ाती हैं, बल्कि युवा पीढ़ी को भी प्रेरणा देती हैं। अंकिता ने अपने संबोधन में सफलता के पीछे कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्म-निष्ठा को सबसे जरूरी बताया।
कार्यक्रम का संयोजन प्रमोद सेमवाल, सुबोध सेमवाल, कालिका प्रसाद सेमवाल और फार्म हाउस के स्वामी सतपाल बुटोला द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर कुलदीप रावत, दीपक सेमवाल (सहायक आयुक्त, वाणिज्य कर विभाग), ऋषभ रावत (एबीवीपी मंत्री) जैसे प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में क्षेत्र के कई मेधावी छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। आईएएस अंकिता कांति के प्रेरणादायी भाषण ने छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उत्साहित किया और उन्हें सफलता के गुर बताए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बंशीधर सेमवाल (सेवानिवृत्त फार्मेसी अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग) ने की जबकि संचालन बलदेव गोदियाल (सिविल सेवा प्रशिक्षक) ने किया। क्षेत्रीय शिक्षाविदों में नागेंद्र भट्ट, कमलेश नैनवाल, डॉ. देवेंद्र नौटियाल, पंकज सेमवाल समेत कई विद्वान भी उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल अंकिता की सफलता का उत्सव था, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को एक नई दिशा देने वाला प्रेरणास्रोत भी बना।



Admin






