केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे। देहरादून एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और अन्य वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। नड्डा का यह दौरा विशेष रूप से सीमांत विकास और केंद्र सरकार की *वाइब्रेंट विलेज योजना* की प्रगति का जायजा लेने के लिए आयोजित किया गया है।
जेपी नड्डा देहरादून में सबसे पहले जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर वाइब्रेंट विलेज योजना के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों की प्रस्तुति देखेंगे, जिसमें सीमांत क्षेत्रों के लिए चल रहे और प्रस्तावित विकास प्रोजेक्ट शामिल हैं। इसके पश्चात वे पिथौरागढ़ जनपद के गुंजी गांव के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत कार्यों की जमीनी स्थिति का निरीक्षण करेंगे।
गुंजी पहुंचने के बाद नड्डा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का निरीक्षण करेंगे, जहां वे स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, संसाधनों और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही वे महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित होम स्टे का भी भ्रमण करेंगे, जो न केवल क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा दे रहे हैं बल्कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम भी बन रहे हैं।
जेपी नड्डा गुंजी में रात्रि प्रवास करेंगे और अगले दिन दिल्ली के लिए वाया देहरादून रवाना होंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि नड्डा का यह दौरा सीमांत क्षेत्र में केंद्र सरकार की नीतियों की मजबूती को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आदि कैलाश क्षेत्र के दर्शन और महिला फेडरेशन द्वारा संचालित कार्यों का निरीक्षण मातृशक्ति का मनोबल बढ़ाने वाला कदम है।
इस दौरे से न केवल केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं को नई दिशा मिलेगी, बल्कि सीमांत गांवों में रहने वाले नागरिकों को भी यह विश्वास मिलेगा कि सरकार उनके साथ है और उनके विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जेपी नड्डा की यह यात्रा सीमांत विकास को गति देने में मील का पत्थर साबित हो सकती है।



Admin






