उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने राज्य के पर्वतीय जिलों में आज से मौसम बिगड़ने की चेतावनी दी है। सोमवार, 19 मई को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों के अलावा मैदानी जिलों में भी प्रभाव पड़ने की संभावना है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, चंपावत और नैनीताल जैसे जिलों में आज 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही ओलावृष्टि भी हो सकती है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 20 मई को भी प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। हालांकि, 21 मई को कुछ राहत मिल सकती है। इसके बाद 22 मई को एक बार फिर से अधिकतर क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इस बीच, आंशिक बादल छाए रहने से तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। हालांकि दोपहर के समय तपिश लोगों को परेशान कर रही है। देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य के करीब रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है।
प्रदेश के अन्य इलाकों में भी रात के तापमान में एक से तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी देखी गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस समय की गर्मी और तपिश से राहत बारिश के बाद ही मिलेगी। लोगों को सलाह दी गई है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सतर्क रहें।



Admin






