kotha
post authorAdmin 19 May 2025

रस्किन बॉन्ड का 91वां जन्मदिन सादगी के साथ, पहलगाम आतंकी हमले के चलते सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द.

अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अंग्रेजी लेखक और पद्मभूषण सम्मानित रस्किन बॉन्ड इस वर्ष अपना 91वां जन्मदिन सादगी से मनाएंगे। आमतौर पर अपने प्रशंसकों के बीच मसूरी की माल रोड स्थित कैंब्रिज बुक स्टोर में जन्मदिन मनाने वाले बॉन्ड इस बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगे।

यह निर्णय उन्होंने पहलगाम में हाल ही में हुई आतंकी घटना के मद्देनज़र लिया है। उनके परिवार के अनुसार, इस संवेदनशील समय में रस्किन बॉन्ड ने निजी तौर पर ही जन्मदिन मनाने का फैसला किया है। उनके पोते राकेश बॉन्ड ने जानकारी दी कि उनका जन्मदिन सोमवार, 20 मई को घर पर ही परिवार के साथ सादे तरीके से मनाया जाएगा।

रस्किन बॉन्ड के प्रशंसक हर वर्ष इस दिन का बेसब्री से इंतज़ार करते हैं, ताकि वे अपने प्रिय लेखक से मिल सकें और किताबों पर उनके हस्ताक्षर ले सकें। इस बार उनके जन्मदिन पर आम लोगों से मुलाकात न होने से प्रशंसकों में निराशा है।

कैंब्रिज बुक डिपो के संचालक सुनील अरोड़ा ने भी पुष्टि की कि इस बार बॉन्ड किसी सार्वजनिक आयोजन का हिस्सा नहीं बनेंगे। अरोड़ा ने कहा कि बॉन्ड साहब का यह निर्णय देश में हालातों के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है।

रस्किन बॉन्ड ने अपने लेखन से न सिर्फ बच्चों बल्कि हर आयु वर्ग के पाठकों के दिलों में खास जगह बनाई है। मसूरी की वादियों में बसे इस लेखक का जीवन आज भी किताबों और प्रकृति के बीच सादगी से गुजरता है। प्रशंसक भले ही इस बार उनसे मुलाकात न कर पाएं, लेकिन उनके लेखन के माध्यम से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा।