kotha
post authorAdmin 20 May 2025

Hemkund Sahib: हेमकुंड साहिब यात्रा का बर्फ हटाने का कार्य अंतिम चरण में, गुरुद्वारा सात कुंतल गेंदे के फूलों से सजेगा.

उत्तराखंड के पवित्र धाम हेमकुंड साहिब की यात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सेना द्वारा आस्था पथ पर बर्फ हटाने का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। अब केवल 150 मीटर हिस्से में बर्फ हटाने का कार्य शेष रह गया है। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार तक हेमकुंड साहिब तक का मार्ग पूरी तरह से सुगम हो जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रूप से शुरू हो सकेगी।

हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे को इस वर्ष विशेष रूप से सजाया जा रहा है। गोविंदघाट गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि सात कुंतल गेंदे के फूलों से हेमकुंड साहिब को सजाया जाएगा। फूल गोविंदघाट पहुंच चुके हैं और सजावट का कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।

यात्रियों की सुविधा और भंडारे की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने गोविंदघाट, ज्योतिर्मठ, घांघरिया और हेमकुंड साहिब में जून माह तक के लिए खाद्यान्न का भंडारण पूरा कर लिया है। इससे यात्रियों को यात्रा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

इस बीच हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। सोमवार को दोपहर 12 बजे से आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर टिकट बुकिंग की शुरुआत हुई। पहले ही दिन अलग-अलग तिथियों के लिए कुल 415 टिकटों की बुकिंग हुई है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने 25 मई से 22 जून तक की यात्रा के लिए बुकिंग स्लॉट खोले हैं।

यात्रा के दौरान गोविंदघाट से घांघरिया तक हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध रहेगी, जिसे इस वर्ष पवन हंस एविएशन संचालित करेगा। यात्रियों को आने-जाने के लिए प्रति टिकट ₹10080 खर्च करने होंगे। बता दें कि हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु 25 मई को खोले जाएंगे। यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं को देखकर उम्मीद की जा रही है कि इस बार यात्रा और भी अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित होगी।