kotha
post authorAdmin 22 May 2025

Chardham Yatra: चारधाम यात्रा पर आए कर्नाटक के यात्री की हृदयगति रुकने से मौत, श्रद्धालुओं में शोक.

उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा पर आए कर्नाटक के एक श्रद्धालु की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सी. पी. रमेश (59 वर्ष), पुत्र चंद्र मोली, निवासी बेंगलुरु, कर्नाटक के रूप में हुई है। वे अपने दोस्तों के साथ 16 मई को चारधाम यात्रा पर निकले थे और यमुनोत्री दर्शन के बाद 20 मई को गंगोत्री पहुंचे थे।

गंगोत्री पहुंचने पर सी. पी. रमेश को अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई। प्राथमिक इलाज के लिए उन्हें उत्तरकाशी अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी तबीयत और बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें एम्स ऋषिकेश के लिए रेफर किया।

लेकिन रास्ते में कण्डीसौड़ के पास एम्बुलेंस में अचानक फिर से सीने में तेज दर्द शुरू हुआ, जिसके बाद उन्हें नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छाम लाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस उपनिरीक्षक जुगल किशोर भट्ट ने बताया कि शव का पंचनामा कर लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए शव को जिला अस्पताल बौराड़ी भेजा गया है।

श्री रमेश के साथ यात्रा कर रहे उनके पुत्र और मित्रों को शव सौंप दिया गया है। इस दुखद घटना से चारधाम यात्रा पर आए अन्य श्रद्धालुओं में शोक की लहर है।

चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि अधिक ऊंचाई और बदलते मौसम में यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए, विशेषकर वे लोग जो हृदय या अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हैं। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि यात्रा पर निकलने से पहले पूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं।