kotha
post authorAdmin 27 May 2025

टाइगर फॉल में पेड़ गिरने से दर्दनाक हादसा, दो की मौत, तीन घायल.

देहरादून जिले के चकराता स्थित प्रसिद्ध पर्यटक स्थल टाइगर फॉल में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। झरने के पानी के साथ पहाड़ी से एक बड़ा पेड़ नीचे गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य पर्यटक घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को दोपहर करीब ढाई बजे टाइगर फॉल में कुछ पर्यटक और स्थानीय लोग नहा रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी से झरने के तेज बहाव के साथ एक विशालकाय पेड़ गिर गया, जो नहाने वाले लोगों के ऊपर आ गिरा। हादसे में चकराता के सुजोऊ गांव निवासी 48 वर्षीय गीताराम जोशी और दिल्ली के शाहदरा निवासी 55 वर्षीय अलका आनंद गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मौजूद अन्य पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) चकराता पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी चकराता चंद्रशेखर नौटियाल ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक गीताराम जोशी सेलाकुई स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और अपनी पत्नी व बेटी के साथ घूमने आए थे। वहीं, अलका आनंद अपनी बेटी और उसके मंगेतर के साथ टाइगर फॉल घूमने आई थीं। इस हादसे में आसपास नहा रहे तीन अन्य पर्यटकों को पेड़ की टहनियों से हल्की खरोंचें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील की है, खासकर बरसात के मौसम में जब झरनों और पहाड़ियों से इस तरह के हादसे होने की आशंका अधिक रहती है। प्रशासन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे के लिए सुरक्षा उपायों पर विचार करने की बात भी कही है।