नई टिहरी में अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के अवसर पर आयोजित सहकारिता सम्मेलन में सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष टिहरी जिले में 25,000 महिलाओं को "लखपति दीदी" बनाया जाएगा, जिससे स्थानीय महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
मंत्री रावत ने बताया कि राज्य सरकार की योजना के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक सहकारी सोसायटी की स्थापना की जाएगी। इन सोसायटियों के माध्यम से ग्रामीणों को दवाइयां, जैविक उत्पाद, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही मिलेंगी। इस योजना का उद्देश्य पलायन को रोकना और गांवों में ही स्वरोजगार के साधन उपलब्ध कराना है।
सम्मेलन के दौरान मंत्री ने यह भी घोषणा की कि अगले 15 दिनों में टिहरी जिले में 20 नए डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी। साथ ही हर ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों को निःशुल्क दवाइयां दी जाएंगी।
इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 0% ब्याज दर पर ऋण चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में विधायक किशोर उपाध्याय, पूर्व विधायक डॉ. धन सिंह नेगी और जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष सुभाष रमोला समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह सम्मेलन सहकारिता के माध्यम से गांवों को मजबूत बनाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।



Admin






