प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जम्मू-कश्मीर दौरे के दौरान बुनियादी ढांचे को मजबूती देने वाले कई ऐतिहासिक प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की। उन्होंने कटरा रेलवे स्टेशन से दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज — चिनाब पुल — और देश के पहले केबल-स्टेड अंजी ब्रिज का उद्घाटन किया। साथ ही, कटरा से बारामूला तक चलने वाली नई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट जम्मू-कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने और रणनीतिक तथा आर्थिक दृष्टि से मजबूत करने की दिशा में अहम मील का पत्थर हैं। चिनाब नदी पर बना पुल, जो उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना का हिस्सा है, इंजीनियरिंग की अद्वितीय मिसाल है। अंजी पुल भारत का पहला केबल-स्टेड रेलवे ब्रिज है, जो कटरा और रियासी को जोड़ता है और दुर्गम पहाड़ी इलाकों में संपर्क को सुलभ बनाता है।
वंदे भारत एक्सप्रेस, जो कटरा से होकर जम्मू, उधमपुर और श्रीनगर होते हुए बारामूला तक जाएगी, तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों के लिए परिवहन को बेहद सहज बनाएगी। इससे न केवल यात्रा का समय घटेगा, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
जनता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "ये पुल और ट्रेनें केवल लोहे और कंक्रीट की संरचनाएं नहीं हैं, बल्कि यह जम्मू-कश्मीर की नई उम्मीदें, नए विश्वास और उज्जवल भविष्य का प्रतीक हैं।"
इस ऐतिहासिक पहल से जम्मू-कश्मीर में पर्यटन, व्यापार और निवेश के नए द्वार खुलने की उम्मीद है। इसे क्षेत्रीय विकास की दिशा में क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है।



Admin






