अल्मोड़ा जनपद स्थित प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में गुरुवार सुबह उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब एक युवक ने पुलिस और पीएसी जवानों से बदसलूकी करते हुए खुद को आईजी का भतीजा बताया। मामला आरतोला बैरियर का है, जहां पुलिस ने नियमानुसार एक वाहन को रोका और पार्किंग में खड़ा करने का अनुरोध किया।
युवक अपनी ताई, मां और बुआ के साथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था। जैसे ही पुलिस ने उसकी तेज रफ्तार कार को बैरियर पर रोका और वाहन पार्किंग में लगाने को कहा, वह भड़क उठा। युवक ने पुलिसकर्मियों से गालीगलौज शुरू कर दी और पीएसी जवान के साथ धक्का-मुक्की करने लगा। उसने वर्दी पकड़ने तक की कोशिश की और धमकी देते हुए कहा, "मैं आईजी का भतीजा हूं, अभी सस्पेंड करा दूंगा।"
पुलिसकर्मियों ने स्थिति को बिगड़ने से पहले समझदारी दिखाई और संयम बरतते हुए युवक को शांत कराया। चौकी प्रभारी बीजी गोस्वामी ने बताया कि युवक को समझा-बुझाकर छोड़ा गया और वाहन को आरतोला पार्किंग में खड़ा किया गया।
सीओ गोपाल दत्त जोशी ने बताया कि युवक तेज रफ्तार से मंदिर की ओर बढ़ रहा था, जिसे सुरक्षा के मद्देनज़र रोका गया था। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम एक धार्मिक और पर्यटन स्थल है, जहां श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। ऐसे में सभी से अनुरोध है कि वे नियमों का पालन करें और प्रशासन को सहयोग दें।



Admin






