kotha
post authorAdmin 18 Jul 2025

हरिद्वार में डाक कांवड़ियों की दस्तक, बैरागी कैंप पांच दिन तक रहेगा श्रद्धालुओं से गुलजार.

कांवड़ मेला अपने चरम पर पहुंच चुका है और अब हरिद्वार में डाक कांवड़ यात्रियों की भीड़ उमड़ने लगी है। पैदल कांवड़ के बाद अब डाक कांवड़ का दौर शुरू हो चुका है। शुक्रवार से बैरागी कैंप क्षेत्र पूरी तरह डाक कांवड़ियों के लिए खोल दिया गया है, जहां से भारी संख्या में डाक कांवड़ वाहन आएंगे और सिंहद्वार से रवाना होंगे।

पिछले पांच दिनों में एक करोड़ 16 लाख 90 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा संख्या हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान से आए श्रद्धालुओं की रही।

इस बार आस्था के इस महापर्व में श्रद्धालुओं का उत्साह पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ चुका है। पिछले वर्ष इन्हीं पांच दिनों में कुल 49 लाख 40 हजार यात्रियों ने हरिद्वार से जल भरा था, वहीं इस बार यह आंकड़ा दोगुने से भी अधिक है।

अब 22 जुलाई तक डाक कांवड़ की तीव्र रफ्तार देखने को मिलेगी। हर दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाइक, कार और ट्रकों के जरिए हरिद्वार पहुंचेंगे। डाक कांवड़िए तेज गति से अपने गंतव्यों की ओर बढ़ते हैं और इसके लिए विशेष ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा की गई है।

प्रशासन ने बताया कि बैरागी कैंप आमतौर पर कुंभ, अर्द्धकुंभ, स्नान पर्व और कांवड़ मेले जैसे अवसरों पर उपयोग में लाया जाता है। इस बार यहां डाक कांवड़ियों के वाहनों को व्यवस्थित रूप से रोका और रवाना किया जाएगा।

सुरक्षा और यातायात की दृष्टि से हरिद्वार में विशेष इंतजाम किए गए हैं। भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ ही सभी मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद से भीड़ पर लगातार नजर रखी जा रही है। हरिद्वार प्रशासन श्रद्धालुओं से संयम और अनुशासन बनाए रखने की अपील कर रहा है, ताकि यह विशाल आयोजन सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।