उत्तराखंड में मानसून ने पूरी ताकत के साथ दस्तक दे दी है। राज्यभर में मूसलधार बारिश का दौर जारी है और कई जिलों में हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार के लिए राज्य के पर्वतीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विशेषकर नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पौड़ी के कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी वर्षा की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
वहीं देहरादून, टिहरी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा जिलों में भी भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएं बढ़ गई हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, अब तक प्रदेशभर में 39 सड़कें मलबे के कारण अवरुद्ध हो चुकी हैं। इनमें 34 सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों की हैं, जिससे स्थानीय लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग व अन्य एजेंसियां सड़कों को खोलने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रही हैं।
बारिश का असर सिर्फ यातायात पर ही नहीं, बल्कि आम जनजीवन पर भी साफ देखा जा सकता है। स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और पर्यटकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो चुकी है। इसके अलावा आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति में भी बाधाएं सामने आई हैं।
प्रशासन की ओर से जनता को लगातार अलर्ट किया जा रहा है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें, नदियों-नालों से दूर रहें और मौसम संबंधी अपडेट के लिए सिर्फ अधिकृत सरकारी स्रोतों पर ही भरोसा करें। आगामी दिनों में भी मौसम के खराब रहने की संभावना है, ऐसे में सतर्कता ही सुरक्षा है।



Admin






