kotha
post authorAdmin 19 Jul 2025

कांवड़ यात्रा के चलते देहरादून के स्कूलों में 21 से 23 जुलाई तक अवकाश, प्रशासन ने जारी किया आदेश.

सावन माह में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र देहरादून में ट्रैफिक और भीड़भाड़ की संभावनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। 21, 22 और 23 जुलाई को जिले के कई इलाकों में स्थित स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह निर्णय स्कूली बच्चों की सुरक्षा और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।

जिला प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, यह अवकाश देहरादून नगर निगम क्षेत्र के साथ-साथ हरिपुर, रायवाला, प्रतीत नगर, श्यामपुर और राष्ट्रीय राजमार्ग (हाईवे) पर स्थित सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी स्कूलों पर लागू होगा।

अपर जिलाधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा इस आशय का आदेश जारी किया गया है। प्रशासन का कहना है कि सावन के महीने में लाखों श्रद्धालु हरिद्वार से कांवड़ लेकर देहरादून, ऋषिकेश और नीलकंठ महादेव की ओर जाते हैं। इस दौरान हाईवे और शहर की मुख्य सड़कों पर अत्यधिक भीड़ होने की संभावना रहती है, जिससे जाम और अव्यवस्था की स्थिति बन सकती है।

ऐसे में छात्रों की सुरक्षा और यातायात नियंत्रण के मद्देनज़र स्कूलों में तीन दिन का अवकाश घोषित करना आवश्यक हो गया। प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

साथ ही, अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान बच्चों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

प्रशासन, पुलिस और अन्य एजेंसियां कांवड़ यात्रा के दौरान चौकसी बरतेंगी। भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था और आपात सेवाओं के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था भी लागू की जाएगी।