देहरादून के पटेलनगर इलाके में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक घर में एलपीजी सिलिंडर से गैस रिसाव के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोग झुलस गए। हादसे में तीन मासूम बच्चे भी घायल हुए हैं। यह घटना महंत इंद्रेश अस्पताल के पीछे स्थित टपरी क्षेत्र की बताई जा रही है।
घटना सुबह करीब 6:45 बजे की है। पुलिस के अनुसार, जिस घर में विस्फोट हुआ, वहां विजय साहू अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहते हैं। कमरे के दरवाजे और खिड़कियां बंद थीं। रातभर गैस सिलिंडर से धीरे-धीरे गैस रिसती रही और कमरे में भरती रही। सुबह एक स्विच बोर्ड में नंगी तार से निकली हल्की चिंगारी ने पूरे कमरे को चपेट में ले लिया और जोरदार ब्लास्ट हो गया।
धमाका इतना तेज था कि कमरे की दीवार और दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। घर में मौजूद सभी पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। झुलसे हुए सभी लोगों को तत्काल दून अस्पताल भेजा गया।
हादसे में घायल लोगों की पहचान इस प्रकार हुई है:
-
विजय साहू (38)
-
उनकी पत्नी सुनीता (35)
-
बेटा अमर (11)
-
बेटा सनी (8 महीने)
-
बेटी अनामिका (8 वर्ष)
फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते को भी जांच के लिए मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सिलिंडर लीकेज और वेंटिलेशन की कमी को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलिंडर के इस्तेमाल में पूरी सावधानी बरती जाए और कमरे में उचित वेंटिलेशन रखें। यह हादसा एक बार फिर गैस सुरक्षा के प्रति लापरवाही के गंभीर परिणाम की चेतावनी बनकर सामने आया है।



Admin






